चुनाव से पहले ही फेल हुआ सपा-कांग्रेस गठबंधन? योगी ने कसा तंज

CM-YOGI-11

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक निजी न्यूज चैनल के शिखर सम्मेलन में कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही उनका गठबंधन फेल हो गया है। उन्होंने तंज कसा कि एक तरफ सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, इससे बड़ा अपमान क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि दोनों दल एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति कर रहे हैं। उनके अनुसार, देश के सबसे पुराने दल कांग्रेस की यह स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है और जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है।

गठबंधन, अयोध्या और घुसपैठ पर सियासी हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं, लेकिन सपा और कांग्रेस के बीच की स्थिति से आपसी तालमेल पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि एक तरफ दोनों दल अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं।

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और सनातन को लेकर बदली भाषा पर योगी ने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है। उनके मुताबिक, अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि 90 के दशक में ही पार्टी को सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती और माफी मांगने से कोई छोटा नहीं होता।

घुसपैठिया टिप्पणी पर पलटवार करते हुए योगी ने कहा कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से अनैतिक तरीके से भारत में दाखिल होने वाले वास्तविक घुसपैठिए सपा को दिखाई नहीं देते, बल्कि उन्हें वे सगे-संबंधी नजर आते हैं। डिंपल यादव के संदर्भ में अपनी टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के प्रति कृतज्ञता होनी चाहिए, जहां से गंगा, यमुना और सरयू का जल आता है और जवान सीमाओं पर घुसपैठियों को रोकते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या उत्तराखंड के पानी और जवानों को भी घुसपैठिया कहेंगे। उन्होंने कहा कि वे 1992 से गोरखपुर में नाथ संप्रदाय की परंपरा के तहत सेवा कार्य कर रहे हैं और उन्हें अपनी पहचान या संन्यासी धर्म के लिए सपा से प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।

कानून-व्यवस्था, निवेश और बुनियादी ढांचे के आंकड़े

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मार्च 2017 में जिम्मेदारी संभालने के बाद सबसे पहले कानून-व्यवस्था को दुरुस्त किया गया, जबकि एक दशक पहले प्रदेश को बीमारू राज्य, गुंडागर्दी, अराजकता और उपद्रव से ग्रसित माना जाता था। उनके मुताबिक, अब अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय लगभग तीन गुना हुई है, बजट तीन गुना से अधिक बढ़ा है और महिला कार्यबल की भागीदारी भी तीन गुना से अधिक हुई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा है, सात शहरों में मेट्रो चल रही है और 17 क्रियाशील एयरपोर्ट हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। उन्होंने देश के सबसे बड़े रेल नेटवर्क, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के जंक्शन, देश की पहली रैपिड रेल और वाराणसी में जल्द शुरू होने वाली देश की पहली रोपवे सेवा का भी जिक्र किया।

औद्योगिक विकास को लेकर योगी ने कहा कि 36 सेक्टोरल पॉलिसीज के जरिए निवेशकों को अवसर मिल रहे हैं और करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उनके अनुसार, ODOP से MSME सेक्टर को नई पहचान मिली है और इससे करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का लगभग 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का लगभग 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे एक अमेरिकी कंपनी करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है।

रोजगार, टैबलेट और कार्रवाई पर रुख

सरकारी नौकरियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2018 से लगातार नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है, अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और 26 जनवरी 2027 तक यह संख्या साढ़े 10 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 दिसंबर 2021 से टैबलेट वितरण शुरू हुआ, पहले चरण में करीब 60 लाख युवाओं को डिवाइस मिले और दूसरे चरण में 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की योजना है। युवाओं को AI, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों से जोड़ा जा रहा है।

बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर पर उन्होंने कहा कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। महिला सुरक्षा और व्यापारियों के सम्मान को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि गलत निगाह रखने वालों के सामने दो ही रास्ते हैं- जेल या जहन्नुम।

एनडीए, टिकट चयन और रैपिड फायर

एनडीए को लेकर योगी ने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं, सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और कोई विवाद नहीं है। टिकट चयन पर उन्होंने कहा कि चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड निर्णय लेता है और भाजपा का काम काटने का नहीं, बल्कि जोड़ने का है। लखनऊ-दिल्ली मतभेद के नैरेटिव पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वमान्य नेता और आदर्श बताया तथा खुद को सामान्य सिपाही कहा।

रैपिड फायर राउंड में उन्होंने भारत को ‘वर्ल्ड स्पिरिचुअल पावर हाउस’, उत्तर प्रदेश को ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’, श्रीराम को ‘विग्रहवान धर्म’ और भाजपा को ‘नेशन फर्स्ट’ बताया। उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’, राहुल गांधी को असफल लॉन्च होने वाला रॉकेट और बुलडोजर को यूपी की स्ट्रेंथ कहा। 2027 के चुनाव में मुख्यमंत्री चेहरे पर उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है और वे कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ेंगे। अपनी माताजी के निधन के बाद हरिद्वार में अंतिम संस्कार कर उसी दिन लखनऊ आकर प्रधानमंत्री मोदी को रिसीव करने के सवाल पर उन्होंने कहा, “यही संन्यासी धर्म है।”