अमेरिका-ईरान: पेंटागन की दो टूक चेतावनी- ‘हमारे जहाज पर गोली चली तो डुबो देंगे ईरानी तेल टैंकर’
अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य गतिरोध एक बार फिर गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि यदि उसने अमेरिकी नौसेना (US Navy) के जहाजों को निशाना बनाया, तो जवाबी कार्रवाई में अमेरिका उसके तेल टैंकरों को नष्ट कर समुद्र में डुबो देगा। इससे पहले अमेरिका ने खार्ग द्वीप के पास मौजूद एक टैंकर समेत ईरान के तीन तेल टैंकरों पर मिसाइल हमले किए थे।
‘हमारे दो पर हमला हुआ, तो तुम्हारे तीन जहाज गिरेंगे’ अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर के बयान को साझा करते हुए तेवर कड़े किए। हेगसेथ ने लिखा, “यह बिल्कुल आसान है—अगर ईरान अमेरिकी जहाजों पर गोली चलाता है तो हम उसके तेल टैंकरों को नष्ट कर देंगे और डुबो देंगे। उसे बस इतना करना है कि वह अमेरिकी नौसेना पर हमला न करे।”
एडमिरल ब्रैड कूपर ने स्पष्ट किया कि यदि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दो अमेरिकी जहाजों पर हमला किया, तो अमेरिकी सेना बदले में तीन ईरानी जहाजों को निशाना बनाएगी। कूपर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर ईरान के सीमित और आसानी से ट्रैक किए जा सकने वाले तेल बेड़े को पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा।
खार्ग द्वीप के पास अमेरिकी कार्रवाई शनिवार को अमेरिकी सेना ने ईरान के तीन तेल टैंकरों को निशाना बनाया। इनमें से एक टैंकर ईरान के सबसे प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप (Kharg Island) के पास लंगर डाले हुए था।
-
हमले की वजह: CENTCOM के अनुसार, यह कार्रवाई तब की गई जब IRGC ने अमेरिकी नौसेना के दो युद्धपोतों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं।
-
नुकसान: अमेरिकी कमान ने पुष्टि की है कि ईरानी मिसाइल हमले में किसी भी अमेरिकी सैनिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
-
तस्नीम का दावा: ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘तस्नीम’ ने बताया कि खार्ग के पास खड़े टैंकर पर चार मिसाइलें दागी गईं। हालांकि, हमले में कोई हताहत नहीं हुआ और चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया।
ईरान ने दी बड़े हमले और नाकाबंदी तोड़ने की धमकी अमेरिकी हमलों और चेतावनियों के बाद तेहरान ने भी आक्रामक रुख अपना लिया है। IRGC नौसेना ने दावा किया कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में बिना अनुमति वाले मार्गों से गुजर रहे तीन तेल टैंकरों और अन्य क्षेत्रों में तीन अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाया था, हालांकि अमेरिका ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ईरानी सैन्य कमान ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि यदि उनके व्यापारिक जहाजों को परेशान किया गया या समुद्री नाकाबंदी करने की कोशिश की गई, तो खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य जहाजों के खिलाफ ईरान के हमले पहले से कहीं ज्यादा घातक और व्यापक होंगे।
