दीपावली-छठ पर यूपी के मेडिकल कॉलेज अलर्ट, 24 घंटे चालू रहेंगी इमरजेंसी सेवाएं

UP Medical Colleges on Alert for Diwali and Chhath 2026

लखनऊ। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यूपी के सभी राजकीय और स्वशासी मेडिकल कॉलेजों और उनसे जुड़े अस्पताल अलर्ट मोड पर रहेंगे। यूपी मेडिकल एजूकेशन डिपार्टमेंट के मुताबिक त्योहारों पर किसी मरीज को इमरजेंसी इलाज के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं।

डीजीएमई ने जारी किए ये निर्देश

महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण, नेहा शर्मा की ओर से जारी किए गए निर्देश।
मेडिकल कॉलेजों से डॉक्टरों और स्टाफ, दवाओं, उपकरणों और आपातकालीन इंतजामों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
इमरजेंसी विभाग, ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू, बर्न यूनिट, एनेस्थीसिया, सर्जरी और ऑपरेशन थिएटर जैसी जीवनरक्षक सेवाएं चौबीसों घंटे चालू रखने के निर्देश।
इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीजों की तुरंत जांच और जरूरत के हिसाब से प्राथमिक इलाज कराया जाएगा।
मरीज की गंभीरता के आधार पर इलाज की प्राथमिकता तय होगी और अतिरिक्त बेड व संसाधन तैयार रखे जाएंगे।
त्योहार की अवधि के लिए डॉक्टरों, नर्सिंग कर्मियों और तकनीशियनों का ड्यूटी रोस्टर बनेगा।
इमरजेंसी, ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू, बर्न यूनिट, एनेस्थीसिया, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, मेडिसिन और रेडियोलॉजी विभाग के डाक्टर और कर्मी मौजूद रहेंगे।
जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टाफ भी रखना होगा।

इन चीजों की उपलब्धता पर जोर

विभागाध्यक्षों और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों से कहा गया है कि जीवनरक्षक दवाएं, इंजेक्शन, ड्रेसिंग का सामान, प्लास्टर सामग्री और इमरजेंसी किट पर्याप्त मात्रा में रहें। ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन आपूर्ति प्रणाली, वेंटिलेटर, मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर और सक्शन मशीन की उपलब्धता और काम करने की स्थिति की जांच कराई जाएगी। ब्लड बैंक से तालमेल बनाकर रक्त और रक्त अवयवों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी। गंभीर मरीजों को बड़े संस्थानों में भेजने की जरूरत पड़े तो पहले से समन्वय के साथ रेफरल कराया जाएगा, एंबुलेंस और जरूरी चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध रहेगी और प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो, यह भी निर्देश में शामिल है।

गंभीर मरीजों को पहले मिलेगा इलाज

आग से बचाव को लेकर मेडिकल कॉलेजों के इमरजेंसी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, ऑक्सीजन प्लांट, बिजली पैनल, प्रयोगशालाओं और छात्रावासों में फायर सेफ्टी इंतजामों का निरीक्षण कराया जाएगा। फायर अलार्म और अग्निशमन उपकरणों के चालू रहने की पुष्टि होगी और अस्पतालों के निकास मार्ग और सीढ़ियां खाली रखने को कहा गया है। हर मेडिकल कॉलेज और उससे जुड़े अस्पताल को अपनी आपदा प्रबंधन योजना की समीक्षा कर उसे अपडेट रखना होगा। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने, सड़क हादसे, आगजनी या भगदड़ जैसी स्थिति के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाने और ट्रायेज व्यवस्था के जरिए गंभीर मरीजों को पहले इलाज देने की बात कही गई है।

अस्पतालों में साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, पेयजल, बिजली आपूर्ति, बैकअप पावर, ऑक्सीजन सप्लाई और शौचालयों की सफाई पर भी निर्देश हैं। बर्न यूनिट, आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील हिस्सों में खास निगरानी रखी जाएगी और ऑक्सीजन प्लांट व पाइपलाइन की नियमित जांच होगी।