26/11 जैसे हमले की तैयारी? कराची के पास टूरिस्ट बनकर स्कूबा डाइविंग कर रहे आतंकी

Pakistan Lashkar Maritime Training at Charna Island

खुफिया जानकारी के हवाले से आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तान में रह रहे लश्कर-ए-तैयबा आतंकियों को खुफिया समुद्री ऑपरेशन की ट्रेनिंग दी जा रही है। यह प्रशिक्षण उन्हें कराची स्थित समुद्र किनारे स्कूबा डाइविंग साइट पर दी जा रही है। एनडीटीवी के मुताबिक, यह जगह चारना आइलैंड है, जो कराची से करीब 50 किलोमीटर दूर है। रिपोर्ट के अनुसार इस ट्रेनिंग को छिपाने के लिए ऐसा दिखाया जाता है कि पर्यटक डाइविंग करने आए हैं।

लश्कर प्रॉक्सी ग्रुप के मेंबर दे रहें ट्रेनिंग

चारना आइलैंड अपने कई डाइविंग साइट्स की वजह से पर्यटकों में पॉपुलर बताया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक यहां स्कूबा डाइविंग और स्विमिंग कॉम्पिटीशन जैसी गतिविधियों की ट्रेनिंग भी होती है। खुफिया एजेंसियों के हवाले से कहा गया है कि जिन लोगों को ट्रेनिंग दी जा रही है, वे उस यूनिट का हिस्सा हैं, जिसे एजेंसियां लश्कर की ‘दावा मरीन विंग’ या ‘सदा-ए-हुर्रियत’ कहती हैं। ट्रेनर पाकिस्तान की मरकजी मुस्लिम लीग के सदस्य बताए गए हैं, जिसे रिपोर्ट में लश्कर का प्रॉक्सी ग्रुप कहा गया है।

समुद्री माहौल में ट्रेनिंग ले रहे हैं लश्कर आतंकी

रिपोर्ट के अनुसार, खुफिया जानकारी है कि लश्कर समुद्री माहौल में ट्रेनिंग ले रहे हैं। 26/11 मुंबई हमले को अंजाम देने वाले लश्कर के आतंकी समुद्री रास्ते से ही शहर पहुंचे थे, और संगठन के पास 2008 से ही एक छोटा समुद्री दल है। मौजूदा तैयारियों को देखते हुए रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि संगठन बड़े पैमाने पर समुद्र से हमलों की योजना बना रहा हो सकता है।

इससे पहले पीओके के मंगला डैम पर होती थी ट्रेनिंग

इससे पहले लश्कर पर पीओके के मंगला डैम इलाके में ट्रेनिंग देने की बात कही जाती रही है, जहां रिपोर्ट के मुताबिक लॉन्चपैड और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं बनाई गई थीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सटीक बमों और क्रूज मिसाइलों से इन्हें तबाह किया। मई 2025 के इस ऑपरेशन में भारत ने नौ बड़े आतंकी शिविरों और ढांचों को निशाना बनाया था, जिनमें मुरिदके में लश्कर का मुख्यालय और नियंत्रण रेखा के पास लॉन्च पैड भी थे। रिपोर्ट के अनुसार भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को चारना आइलैंड की गतिविधियों की जानकारी है और भारत समुद्री रास्ते से आने वाले किसी भी खतरे से निपटने को तैयार है।

जेएंडके की सीआईके ने 10 से ज्यादा जगहों पर मारे छापे

अलग घटनाक्रम में जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) शाखा ने शुक्रवार को घाटी में 10 से ज्यादा जगहों पर तलाशी ली। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई 2023 के एक मामले में हुई है, जिसमें एक कथित आतंकी भर्ती मॉड्यूल पर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की तरफ खींचने और प्रतिबंधित आतंकी संगठनों में भर्ती कराने का आरोप है। तलाशी श्रीनगर, पुलवामा, अनंतनाग और सोपोर में हुई और श्रीनगर के सीआईके थाने में एफआईआर दर्ज है। अधिकारियों ने बताया कि इसका मकसद जरूरी सबूत जुटाना, गैरकानूनी गतिविधियां रोकना, मोबाइल फोन समेत संचार उपकरणों का दुरुपयोग रोकना और आतंकियों के साथियों व ओवरग्राउंड वर्कर्स की पहचान कर नेटवर्क खत्म करना है।