फ्रांस की कंपनी रॉकेट यूपी में करेगी मक्का आधारित उद्योगों में निवेश

Cm-Yogi-1

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में सफलता मिलती दिख रही है। फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी रॉकेट (Roquette) ने उत्तर प्रदेश में मक्का आधारित उद्योग लगाने पर अपनी सहमति जताई है। इसके साथ ही इंजीनियरिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की फ्रांसीसी कंपनी एडेइस (Edeis) ने भी राज्य की औद्योगिक परियोजनाओं और तकनीकी सहयोग में गहरी रुचि दिखाई है।

पेरिस में हुई उच्चस्तरीय वार्ता

अंतरराष्ट्रीय खाद्य प्रदर्शनी ‘सियाल पेरिस-2026’ के दौरान पेरिस स्थित भारतीय दूतावास में विदेशी निवेशकों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग सचिव अविनाश जोशी और यूपी सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया। राज्य सरकार की ओर से कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष सचिव निखिल टीकाराम फुंडे और खाद्य प्रसंस्करण विभाग के विशेष सचिव राजकमल यादव मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने रॉकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थियरी फूर्निए और एडेइस के प्रतिनिधि क्रिस्टोफ मोनी के साथ राज्य में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

फर्रुखाबाद-कन्नौज के मक्का किसानों को होगा सीधा फायदा

रॉकेट कृषि उत्पादों से स्टार्च, प्रोटीन और औषधि उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तैयार करने वाली दुनिया की प्रमुख कंपनी है। 2025 में इस कंपनी का वैश्विक कारोबार लगभग 4.9 अरब यूरो रहा और यह 150 से अधिक देशों में काम कर रही है। बैठक के दौरान विशेष रूप से फर्रुखाबाद और कन्नौज सहित यूपी के अन्य जिलों में नॉन-जीएमओ (Non-GMO) मक्का की प्रचुर उपलब्धता पर चर्चा हुई।

मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रॉकेट के प्रस्तावित निवेश से राज्य में मक्का आधारित खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों का दायरा बढ़ेगा। इससे मक्का किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नए बाजार और औद्योगिक खरीदार मिलेंगे, जिससे कृषि उपज का मूल्य संवर्धन होगा।

एडेइस (Edeis) भी आधारभूत संरचना में करेगी सहयोग

खाद्य प्रसंस्करण के अलावा फ्रांस की इंजीनियरिंग एवं इंफ्रास्ट्रक्चर प्रबंधन कंपनी एडेइस के साथ भी बातचीत आगे बढ़ी है। एडेइस मुख्य रूप से खाद्य प्रसंस्करण संयंत्रों, औद्योगिक इकाइयों, हवाई अड्डों और बंदरगाहों की डिजाइनिंग व प्रबंधन का काम करती है। कंपनी ने उत्तर प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ मिलकर आधारभूत संरचना के क्षेत्र में काम करने की इच्छा जताई है।

निवेशकों को लुभा रहा एक्सप्रेसवे नेटवर्क और ‘निवेश मित्र’

विदेशी कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल के सामने राज्य के एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को प्रमुखता से रखा गया। ‘निवेश मित्र’ सिंगल विंडो प्रणाली के जरिए विभागीय अनुमतियों की आसान ऑनलाइन व्यवस्था ने भी निवेशकों को आकर्षित किया है। सरकार की रणनीति कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करने की है।