बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने बीज गोदाम प्रभारी को जड़े थप्पड़

bjp

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में किसानों के लिए आए सरकारी चने के बीज की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। चरखारी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक बृजभूषण राजपूत ने राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी सोनू यादव को रात के अंधेरे में बीज की बोरियां पिकअप में लादते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस दौरान विधायक का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने गोदाम प्रभारी को थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

रात के अंधेरे में लादी जा रहीं थी 100 बोरियां

जानकारी के मुताबिक, चरखारी के राजकीय कृषि बीज भंडार में किसानों को मुफ्त बांटने के लिए सरकार की ओर से चने का बीज भेजा गया था। बुधवार रात बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 100 बोरी बीज एक पिकअप वाहन में लोड करवा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। जब विधायक ने कागजात और जब्ती को लेकर पूछताछ की, तो प्रभारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

विधायक ने लगाया अखिलेश यादव से मिलीभगत का आरोप

गोदाम प्रभारी द्वारा गुमराह करने की कोशिश से नाराज विधायक ने उसे खरी-खोटी सुनाई और दो थप्पड़ मार दिए। वायरल वीडियो में विधायक प्रभारी पर भड़ास निकालते हुए उसे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मिला हुआ बता रहे हैं। बृजभूषण राजपूत ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें जेल भेजा जाएगा और जरूरत पड़ने पर उनका ‘लठ पूजन’ भी किया जाएगा।

पुलिस ने वाहन जब्त किया, मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बी.सी. विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पिकअप वाहन से बरामद 100 बोरी चने के बीज की कीमत करीब चार से पांच लाख रुपये आंकी गई है।

प्रभारी जिला कृषि अधिकारी ने चरखारी कोतवाली में बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने वाहन और सरकारी बीज को अपने कब्जे में ले लिया है। इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।