‘अयोध्या से डर लग रहा तो जहूराबाद से मेरे खिलाफ लड़ लें…’- अखिलेश यादव को ओम प्रकाश राजभर की खुली चुनौती
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (UP Election 2027) को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दिए जाने के बाद अब योगी कैबिनेट के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश पर तीखा पलटवार किया है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) प्रमुख राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर वह सीएम योगी के सामने अयोध्या जाने से डर रहे हैं, तो जहूराबाद सीट से उनके खिलाफ चुनाव लड़कर देख लें।
‘जहूराबाद में पता लग जाएगी NDA की हैसियत’
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “अगर वहां अयोध्या जाने से लड़ने के लिए डर रहे हैं, तो फिर आ जाएं… उनसे न लड़कर हमसे लड़ लें। आ जाएं जहूराबाद, उनको पता लग जाएगा कि जहूराबाद में हमारी क्या हैसियत है और एनडीए (NDA) गठबंधन की क्या हैसियत है। उनको खुद अपनी हैसियत का पता लग जाएगा।”
राजभर ने आगे कहा, “योगी जी ने बहुत सही कहा है। अगर अखिलेश यादव जी में जरा भी राजनीति की अक्ल होगी, तो जो चुनौती उन्होंने मुख्यमंत्री जी को दी थी, उसे सीएम ने स्वीकार कर लिया है। अब अखिलेश जी को पीछे नहीं भागना चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने चुनौती स्वीकार की है, तो उनको आ करके आमने-सामने पर्चा भरना चाहिए।”
‘विपक्ष के राज में लुटेरे थे, अब लाभार्थियों के खाते में सीधा पैसा’
कैबिनेट मंत्री ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार की जमकर तारीफ की और कहा कि देश में विकास की लहर चल रही है। उन्होंने दावा किया कि गरीब, नौजवान, किसान और आम आदमी एनडीए सरकार के कामों से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
राजभर ने पिछली सरकारों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा, “पिछली सरकार में गरीबों को जो 500 रुपये पेंशन मिलती थी, उसे हमारी सरकार ने बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया। अखिलेश और राहुल की सरकार में जो लुटेरे बीच में पेंशन का रुपया लूट लेते थे, मोदी जी ने उस पर ऐसी व्यवस्था बना दी कि पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंच रहा है। यही बात विपक्ष को रास नहीं आ रही है।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि रेलवे, सड़क, हवाई यातायात और गांवों के बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर काम हुआ है, जिससे विपक्ष परेशान होकर केवल झूठ फैलाने में लगा है।
ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग का किया बचाव
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे विपक्ष को भी राजभर ने आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “अखिलेश खुद ही बता दें कि वे 10 साल से सत्ता से बाहर हैं, तो ज्ञानेश कुमार ने उनकी कौन सी चोरी कर ली? पीएम मोदी और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करना सरासर गलत है।”
राजभर ने कहा, “ऐसे राजनीति करने वाले लोगों को भगवान बुद्धि दे। वे झूठ के सहारे कब तक राजनीति करना चाहते हैं? अमित शाह जी ने सही कहा है कि ये लोग 2047 तक इसी तरह चिल्लाते और झूठ बोलते रहेंगे, जबकि एनडीए गठबंधन की सरकार मजबूती से चलती रहेगी।”
