कांग्रेस में ‘टिकट के बदले पैसे’ का बवाल, प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम बोले- नंबर फर्जी, हर जांच को तैयार
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस (Congress) के भीतर आपसी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम (Rajendra Pal Gautam) के करीबियों पर टिकट के नाम पर पैसे वसूलने के गंभीर आरोप लगे हैं।
इस विवाद ने ऐसे समय में तूल पकड़ा है जब कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर मोलभाव कर रही है। सोशल मीडिया पर एक चिट्ठी के वायरल होने के बाद यूपी की राजनीति का पारा हाई हो गया है, जिससे पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
वायरल चिट्ठी और टिकट के बदले वसूली का आरोप
विवाद की जड़ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक चिट्ठी है। इस चिट्ठी में आरोप लगाया गया है कि प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के दो करीबी लोग आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का टिकट दिलाने के नाम पर पैसे वसूल रहे हैं। चिट्ठी में एक UPI नंबर का भी जिक्र किया गया है, जिसके जरिए कथित तौर पर पैसे लिए जाने की बात कही गई है।
प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का पलटवार- “नंबर पूरी तरह फर्जी”
इन आरोपों के सामने आने के बाद यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सफाई दी है। उन्होंने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आरोप लगाने वालों के खिलाफ वह खुद शिकायत दर्ज कराएंगे।
गौतम ने कहा, “जिस UPI नंबर पर पैसे लिए जाने की बात कही गई है, वह पूरी तरह से फर्जी है। हमारी पार्टी शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर जो अभियान चला रही है, वह कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा है। इसलिए मुझ पर और मेरे करीबियों पर ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और वह हर तरह की जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।
सपा से 200 सीटों की मांग और बढ़ा हुआ आत्मविश्वास
कांग्रेस इस बार यूपी में समाजवादी पार्टी से ज्यादा से ज्यादा सीटें झटकने की कोशिश में है। पार्टी का मानना है कि लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का राजनीतिक कद बढ़ा है, जिससे यूपी में भी कांग्रेस की लोकप्रियता में इजाफा हुआ है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 200 सीटों की एक सूची तैयार कर समाजवादी पार्टी को सौंपी है। हालांकि, टिकट बंटवारे को लेकर सामने आए इस विवाद से कांग्रेस की अपनी स्थिति मजबूत करने की इस कवायद को नुकसान पहुंच सकता है।
यूपी में कांग्रेस का पिछला रिपोर्ट कार्ड
-
2022 विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने अकेले 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे केवल 2 सीटों पर जीत मिली थी। चार सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी।
-
2017 विधानसभा चुनाव: सपा के साथ गठबंधन में कांग्रेस ने 114 सीटों पर चुनाव लड़ा था, और 7 सीटों पर जीत हासिल की थी।
-
2024 लोकसभा चुनाव: सपा से गठबंधन के तहत कांग्रेस ने राज्य में 6 लोकसभा सीटें जीतीं। इसी प्रदर्शन के आधार पर पार्टी विधानसभा चुनाव में बड़े हिस्सेदारी का दावा ठोक रही है।
