यूपी चुनाव 2027: BJP ने घोषित की 712 सदस्यों वाली प्रदेश कार्यसमिति

up bjp

उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी समीकरणों और जातीय संतुलन को साधने के लिए पार्टी ने 712 सदस्यों वाली अपनी अब तक की सबसे बड़ी प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। इस नई समिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख चेहरों को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के अनुसार, इस कार्यसमिति में प्रदेश के सभी क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने के साथ-साथ समर्पित कार्यकर्ताओं को पूरी जगह दी गई है।

लखनऊ में होगी कार्यसमिति की बैठक

सभी क्षेत्रों को मिलाकर बनी 712 सदस्यों वाली इस प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित की जाएगी। इस अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य रूप से शामिल होंगे। वे समिति के सदस्यों और कार्यकर्ताओं में 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ-साथ आगामी 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए भी जोश भरेंगे और जीत की रणनीति साझा करेंगे।

विशेष आमंत्रित सदस्यों में ब्रज क्षेत्र का दबदबा

चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने विशेष आमंत्रित सदस्यों की संख्या 134 रखी है। इस सूची में सबसे अधिक हिस्सेदारी ब्रज क्षेत्र को मिली है, जहां से 32 चेहरों को जगह दी गई है। इसके अलावा काशी क्षेत्र से 24, पश्चिम क्षेत्र से 23 और अवध क्षेत्र से 19 कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है।

समिति में राज्य के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कुल 30 लोगों को जगह दी गई है। वहीं, प्रदेश कार्यसमिति के कुल सदस्यों की बात करें तो सबसे ज्यादा गोरखपुर क्षेत्र से 128 पदाधिकारियों को रखा गया है। इसके बाद अवध से 114 और काशी क्षेत्र से 108 लोगों को सूची में शामिल किया गया है।

स्थायी आमंत्रित सदस्यों में राष्ट्रीय पदाधिकारी और पूर्व अध्यक्ष

स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व अध्यक्षों के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें राष्ट्रीय पदाधिकारियों जैसे स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, रेखा वर्मा, संगीत यादव, भोला सिंह, तारिक मंसूर, अमरपाल मौर्य और कंवर बासित अली को रखा गया है।

इनके अलावा, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार, डा. रमापति राम त्रिपाठी, सूर्यप्रताप शाही, डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डा. महेंद्र नाथ पांडेय, स्वतंत्र देव सिंह और भूपेंद्र सिंह चौधरी को भी स्थायी आमंत्रित सदस्यों में जगह मिली है। सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, बीएल वर्मा, कमलेश पासवान, जितिन प्रसाद, एसपी सिंह बघेल, कीर्तिवर्धन सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के नाम भी दर्ज हैं।