‘द मुस्लिम 500’ का 2027 संस्करण जारी: टॉप 50 में अकेले भारतीय महमूद मदनी, शाहरुख खान पहली बार शामिल

muslim

जॉर्डन की राजधानी अम्मान स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर ने दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट ‘द मुस्लिम 500’ का 2027 का 18वां संस्करण जारी कर दिया है। इस सूची में 22 भारतीय नागरिकों के नाम शामिल हैं।

टॉप 50 की सूची में भारत से केवल एक नाम जगह बना सका है। जमीयत उलेमा ए हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी 18वें स्थान के साथ सबसे ऊंची रैंकिंग वाले भारतीय हैं।

सिनेमा और संगीत के दिग्गज

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान का नाम पहली बार इस लिस्ट में जोड़ा गया है। उनके अलावा अभिनेता आमिर खान और अभिनेत्री शबाना आजमी भी सूची में शामिल हैं।

संगीत जगत से ऑस्कर और ग्रैमी अवॉर्ड विजेता एआर रहमान का नाम भी इस लिस्ट में जगह पाने वालों में शामिल है।

धर्म और शिक्षा से जुड़े नाम

लिस्ट में धार्मिक और शैक्षणिक क्षेत्र से कई नाम शामिल किए गए हैं। इनमें शेख अबूबक्र अहमद, मौलाना कमरुज्जमां आजमी, सैयद इब्राहिमुल खलील अल-बुखारी और मीरवाइज उमर फारूक शामिल हैं।

मौलाना साद कंधलवी, मौलाना जुहैर उल हसन कंधलवी, मौलाना सैयद अरशद मदनी, डॉ. बहाउद्दीन नदवी, डॉ. सानियासैन खान, डॉ. जाकिर नाइक, मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी, मौलाना शाकिर अली नूरी और सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के नाम भी सूची में दर्ज हैं।

राजनीति और कारोबार जगत

भारतीय राजनीति से AIMIM प्रमुख व लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी और AIUDF संस्थापक बदरुद्दीन अजमल का नाम लिस्ट में शामिल है।

बिजनेस और परोपकार के क्षेत्र से विप्रो के संस्थापक अध्यक्ष अजीम प्रेमजी को सूची में जगह मिली है।

पहले स्थान पर कौन-कौन

स्रोत के मुताबिक, लिस्ट में पहला स्थान संयुक्त रूप से कई वैश्विक हस्तियों को दिया गया है। इनमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर शामिल हैं।

इनके साथ सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) और तुर्किए के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन को भी पहले नंबर पर रखा गया है।