‘चुनाव में हुई जबरदस्त धांधली, 8 अक्टूबर को पटना में करेंगे लोकभवन मार्च’: तेजस्वी यादव का CEC ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बिहार का विपक्ष एकजुट होकर सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार (5 अक्टूबर, 2026) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया कि आगामी 8 अक्टूबर को पटना में महागठबंधन के सभी दल ‘लोकभवन मार्च’ निकालेंगे। तेजस्वी ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए CEC ज्ञानेश कुमार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम करने के गंभीर आरोप लगाए।
‘बिहार से बंगाल तक हुई वोट चोरी’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव में धांधली की शुरुआत बिहार से ही हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार उनकी तरफ से यह बात उठाई जा रही थी कि चुनाव आयोग ईमानदारी से काम नहीं कर रहा है और अब वोट चोरी की बात सामने आ रही है।
तेजस्वी ने कहा, “बिहार हो या बंगाल का चुनाव, जबरदस्त धांधली हुई है। ज्ञानेश कुमार लगातार नरेंद्र मोदी के इशारे पर काम करते रहे।” उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिहार में महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजे जा रहे थे, तब चुनाव आयोग चुप क्यों था?
CEC की नियुक्ति और 14 आपत्तियों का जिक्र
आरजेडी नेता ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन में देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) भी शामिल होते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि पिछले 10 महीनों में दो इलेक्शन कमिश्नरों की ओर से 14 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “जिस प्रकार से ज्ञानेश कुमार को नमूना बनाकर वोट चोरी हुई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने यह काम किया है। ज्ञानेश कुमार को वोट चोरी के लिए ही बैठाया गया था।”
आंदोलन की रूपरेखा: 7 को प्रखंड में आक्रोश, 8 को लोकभवन मार्च
विपक्षी गठबंधन ने अपने आंदोलन की पूरी रूपरेखा भी साझा की। तेजस्वी यादव ने बताया कि कल (मंगलवार) दिल्ली में विपक्षी दलों के सभी सांसद विरोध मार्च करेंगे और इसके बाद राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।
बिहार में प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा:
-
7 अक्टूबर: ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी कार्यकर्ता हर प्रखंड में ज्ञानेश कुमार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ ‘आक्रोश मार्च’ निकालेंगे।
-
8 अक्टूबर: सभी जिला मुख्यालयों पर महागठबंधन के नेता धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसी दिन पटना में महागठबंधन के सारे वरिष्ठ नेता सड़क पर उतरकर ‘लोकभवन मार्च’ करेंगे।
तेजस्वी के मुताबिक, पटना में यह मार्च 8 अक्टूबर को विधानसभा के समक्ष सप्त मूर्ति के पास से शुरू होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और यहां से लोकतंत्र को खत्म करने की जो शुरुआत की गई है, विपक्ष उसे किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने देगा।
