धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर सपा का तीखा हमला, प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने बताया ‘फर्जी’

sastri

उत्तर प्रदेश के कुंडा में रामकथा कर रहे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने तीखा राजनीतिक हमला बोला है। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्हें ‘धोखेबाज’ और ‘फर्जी बाबा’ करार दिया है। वर्मा ने आरोप लगाया है कि ऐसे आयोजन केवल राजनीतिक एजेंडा सेट करने के लिए किए जा रहे हैं।

‘फर्जी बाबाओं को बैठाकर पूरा किया जा रहा राजनीतिक एजेंडा’

सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने धीरेंद्र शास्त्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर धोखेबाज किस्म के लोगों को ‘बाबा’ कहा जाने लगेगा, तो इससे सच्चे संतों का अपमान होता है। उन्होंने कहा, “ऐसे फर्जी बाबाओं को बैठाकर कथा कराने का एकमात्र उद्देश्य अपना राजनीतिक एजेंडा पूरा करना है। इनमें न तो कोई भक्ति है और न ही कोई त्याग।”

उन्होंने इस पूरे आयोजन को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि जिस तरह चुनावी दिखावे और राजनीतिक खेल के लिए नाटक किए जाते हैं, ठीक उसी तरह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता भी इन बाबाओं के जरिए ऐसा ही खेल खेल रहे हैं।

‘धर्म का ज्ञान नहीं, समाज में पैदा कर रहे दुश्मनी’

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की बयानबाजी और उनकी शैली पर सीधा निशाना साधते हुए सपा प्रवक्ता ने कहा कि उनके बयानों का कोई वास्तविक अर्थ नहीं होता। वर्मा ने आरोप लगाया, “वे पूरी तरह से ध्रुवीकरण की राजनीति करते हैं। उन्हें किसी धर्म का वास्तविक ज्ञान नहीं है। समाज में दुश्मनी और नफरत पैदा करने के लिए वे बेतुकी बातें करते हैं, जो समाज के लिए बेहद खतरनाक है।”

बता दें कि कुंडा में चल रही रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा दिए गए कुछ बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। हाल ही में इस रामकथा में बीजेपी के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह भी शामिल हुए थे, जिसके बाद समाजवादी पार्टी का यह तीखा बयान सामने आया है।