‘राधे-राधे, कमल खिला दे’: यूपी चुनाव 2027 के लिए मथुरा में BJP का मंथन, तैयार हुआ रोडमैप

bjp

उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ‘मिशन-2027’ का ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है। मथुरा में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय महत्वपूर्ण योजना बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और व्यापक जनसंपर्क अभियान को लेकर गहन मंथन किया गया।

इस बैठक से जो सबसे बड़ी बात निकलकर सामने आई है, वह है भाजपा का नया चुनावी नारा। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ और ‘अबकी बारी, बांकेबिहारी’ के नारों के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। मंगलवार को बैठक के दूसरे दिन की शुरुआत इन्हीं नारों के उद्घोष के साथ हुई।

PDA की काट: सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सनातन और विकास

समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले की काट के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। पार्टी जातिवाद की राजनीति के बरक्स ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’, ‘सनातन धर्म’, ‘विकास’ और ‘सुरक्षा’ जैसे मुद्दों को पूरी ताकत के साथ जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रही है।

बैठक में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

दिग्गजों का जमावड़ा: 56 नेताओं ने तैयार किया रोडमैप

मथुरा में हुई इस दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 56 प्रमुख नेता शामिल हुए। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इन सभी ने मिलकर आगामी चुनाव का एक महा-रोडमैप तैयार किया है।

बूथ स्तर पर मजबूती और वोटर लिस्ट पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पदाधिकारी नितिन नवीन ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने तथा एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से निर्देश दिया कि वे हाल ही में शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाए।

बैठक के अंत में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर प्रदेश में सरकार बनाएगी।