जोहान्सबर्ग और केप टाउन में अंधाधुंध गोलीबारी, 27 लोगों की मौत; बार में AK-47 से बरसीं गोलियां
दक्षिण अफ्रीका के दो सबसे बड़े शहरों के पास शनिवार रात और रविवार तड़के हुई अंधाधुंध गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार पहली घटना जोहान्सबर्ग के पास एक बार में हुई, जहां हमलावरों ने AK-47 और पिस्तौल से फायरिंग कर 17 लोगों की जान ले ली। वहीं, दूसरी घटना केप टाउन के नजदीक एक स्टोर पर हुई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई।
दोनों घटनाओं के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। साउथ अफ्रीकन पुलिस सर्विस (SAPS) ने मामला दर्ज कर बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
जोहान्सबर्ग के वेडेला में बार पर हमला, 17 की मौत
साउथ अफ्रीकन पुलिस सर्विस के अनुसार, शनिवार रात जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में कार्लेटनविले के पास स्थित वेडेला (Wedela) टाउनशिप के एक बार में हमलावरों ने धावा बोला। हमलावर AK-47 असॉल्ट राइफल और हैंडगन से लैस थे।
पुलिस ने बताया कि कम से कम आठ हथियारबंद संदिग्धों ने बार के बाहर और भीतर मौजूद ग्राहकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस हमले में 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सोशल मीडिया पर सामने आए घटना के वीडियो में दिख रहा है कि लोग संगीत और ड्रिंक्स का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजती है और देखते ही देखते कई लोग फर्श पर गिर जाते हैं।
केप टाउन के लवांडले में स्टोर पर हमला, 10 की जान गई
दूसरी घटना रविवार तड़के करीब 1 बजे केप टाउन के पास लवांडले (Lwandle) इलाके में हुई। यहां एक स्थानीय स्टोर पर हथियारबंद लोगों ने अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। घटना में घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां मेडिकल टीमें राहत और इलाज में जुटी हैं।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस, मकसद साफ नहीं
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों ताजा मामलों में अभी तक किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। प्राथमिक जांच के अनुसार पुलिस दोनों घटनाओं में शामिल कई हमलावरों की पहचान और तलाश में जुटी है। गोलीबारी किसने और किस मकसद से की, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
हाल ही में डरबन में भी हुई थी 11 लोगों की हत्या
दक्षिण अफ्रीका में सार्वजनिक स्थलों और पार्टियों में अंधाधुंध फायरिंग की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इन दो ताजा घटनाओं से कुछ ही दिन पहले पूर्वी तट पर स्थित शहर डरबन के पास एक हाउस पार्टी में भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें एक गर्भवती महिला समेत 11 लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन हिंसक वारदातों ने देश में अवैध हथियारों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
