खरगे के ‘बाप’ वाले बयान पर शशि थरूर का बचाव, कहा- यह आम बोलचाल की भाषा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लगातार हमलों के बीच अब कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पार्टी अध्यक्ष का बचाव किया है। थरूर ने खरगे के बयान को महज ‘आम बोलचाल की भाषा’ करार देते हुए कहा कि उनकी मंशा किसी का अपमान करने की नहीं थी।
‘हंगामा करने की जरूरत नहीं, मंशा स्पष्ट थी’
सोमवार (26 अक्टूबर) को नई दिल्ली में आयोजित 12वें ब्रिक्स (BRICS) संसदीय फोरम के दौरान पत्रकारों ने शशि थरूर से खरगे की टिप्पणी को लेकर सवाल किया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, थरूर ने जवाब में कहा, “मुझे लगता है कि हमारे देश में लोगों को इस तरह के मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने की आदत है। खरगे साहब ने जो कुछ कहा, उनकी मंशा बिल्कुल स्पष्ट है और मुझे नहीं लगता कि इस पर इतना हंगामा करने की जरूरत है।”
थरूर ने आगे सफाई देते हुए कहा कि खरगे ने जाहिर तौर पर एक आम बोलचाल की भाषा का इस्तेमाल किया था और वह किसी के पिता का अपमान नहीं कर रहे थे।
राजनाथ सिंह और BJP का कांग्रेस पर तीखा हमला
शशि थरूर के इस बचाव से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खरगे की टिप्पणी की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी से देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। यह दिखाता है कि मुख्य विपक्षी पार्टी को सिर्फ राजनीतिक पतन का ही सामना नहीं करना पड़ा है, बल्कि उसका वैचारिक पतन भी हो चुका है।”
वहीं, BJP ने भी रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा था कि खरगे ठगों और गुंडों वाली भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी कांग्रेस के वैचारिक दिवालिएपन को दर्शाती है और पार्टी अब एक माफिया गिरोह जैसी लगने लगी है।
क्या था मल्लिकार्जुन खरगे का बयान?
यह पूरा विवाद रविवार को बिहार के पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। कार्यक्रम में भाषण देते समय जब एक दर्शक ने चिल्लाकर कहा कि ‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाने वाले हैं’, तो इसके जवाब में मल्लिकार्जुन खरगे ने मंच से कहा था, “मोदी का बाप भी जाएगा।” इसी बयान के बाद से भाजपा लगातार कांग्रेस पर हमलावर है।
