‘चुनाव आयोग ने ट्रेड सीक्रेट बताकर छुपाई जानकारी’, SIR विवाद पर खरगे का हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार (26 अक्टूबर) को एक बार फिर चुनाव आयोग और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने मतदाता सूचियों से जुड़े एसआईआर (SIR) सॉफ्टवेयर को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त को बचाने के लिए हथकंडे अपना रही है। उन्होंने RTI के जरिए मांगी गई SIR सॉफ्टवेयर की जानकारी न मिलने पर नाराजगी जताई।
RTI का जवाब न देने पर चुनाव आयोग पर निशाना
खरगे ने दावा किया कि जब RTI के तहत SIR में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर की जानकारी मांगी गई, तो चुनाव आयोग ने ‘ट्रेड सीक्रेट’ का हवाला देते हुए इसका जवाब देने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने इसे वोट चोरी के मामलों को छिपाने का प्रयास करार दिया।
उत्तर प्रदेश में फॉर्म 6 को लेकर उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में उत्तर प्रदेश के मतदाता रिकॉर्ड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यूपी में 16.18 लाख ‘फॉर्म-6’ आवेदनों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया। पीलीभीत का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां मतदाता रिकॉर्ड में 10,470 अनियमितताएं पकड़ी गई हैं, जिसके बाद पूरे प्रदेश में फॉर्म 6, 7 और 8 की जांच के आदेश देने पड़े हैं।
1 नवंबर को दिल्ली कूच का आह्वान
इस मुद्दे को लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताते हुए खरगे ने आम जनता से 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा, “यह केवल वोट बचाने की लड़ाई नहीं, संविधान और लोकतंत्र बचाने का जनसंघर्ष है। 1 नवंबर को रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन मार्च और महारैली से जुड़िए।”
विपक्ष की चुनाव आयोग और BJP से 3 प्रमुख मांगें
खरगे ने स्पष्ट किया कि SIR और मतदाता सूचियों में कथित हेरफेर को लेकर इंडिया गठबंधन की मुख्य रूप से तीन मांगे हैं:
-
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार तत्काल इस्तीफा दें और उन्हें संरक्षण देने वाला 2023 का कानून निरस्त किया जाए।
-
SIR के इस्तेमाल पर तत्काल रोक लगे और जिन मतदाताओं के नाम गैरकानूनी ढंग से हटाए गए हैं, उन्हें वापस बहाल किया जाए।
-
देश में सभी चुनाव पेपर बैलेट (Paper Ballot) के जरिए कराए जाएं।
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन
इससे पहले कांग्रेस समेत पूरे इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन किया था। विपक्ष लगातार ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ा हुआ है। इसी कड़ी में अब 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेता एक बड़ी रैली आयोजित करने जा रहे हैं।
