September 15, 2026

अंकित हत्याकांड में नया मोड़: सोनीपत के भोलू शाहपुरिया ने ली जिम्मेदारी

ankit

शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में मशहूर हरियाणवी गायक अंकित बालियान की सरेआम हत्या के मामले में एक बड़ा और चौंकाने वाला अपडेट सामने आया है। बुधवार शाम जिम से निकलते वक्त हुई इस दिनदहाड़े हत्या ने पश्चिमी यूपी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अभी हमलावरों की तलाश कर ही रही थी कि इस बीच हरियाणा के सोनीपत से एक बदमाश ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की जिम्मेदारी ले ली है।

‘भोलू शाहपुरिया’ ने सोशल मीडिया पर किया दावा

मिली जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के सोनीपत से ताल्लुक रखने वाले ‘भोलू शाहपुरिया’ नाम के एक शख्स ने अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस जांच का दायरा हरियाणा तक फैल गया है। हालांकि, भोलू शाहपुरिया का असली बैकग्राउंड क्या है और उसकी अंकित बालियान से क्या निजी रंजिश थी, इसे लेकर पुलिस अभी जानकारी जुटा रही है। शामली पुलिस इस वायरल पोस्ट और दावे की सत्यता की पुष्टि करने में जुटी है।

पोस्ट में बताई हत्या की वजह- ‘दुश्मनों का दे रहा था साथ’

भोलू शाहपुरिया ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में हत्या के पीछे की वजहों का भी जिक्र किया है। पोस्ट में लिखा गया है कि अंकित उनके ग्रुप के दुश्मनों का साथ दे रहा था और उनकी आपराधिक गतिविधियों में शामिल था।

पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि अंकित ने “गोगी भाई” से जुड़ी एक घटना पर गाना बनाया था, जो उन्हें नागवार गुजरा। हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले शख्स ने खुली धमकी देते हुए लिखा है कि जो कोई भी उनके दुश्मनों का साथ देगा, उसका भी यही हश्र होगा। पोस्ट के अंत में खौफनाक चेतावनी देते हुए इसे “सिर्फ़ शुरुआत” बताया गया है और कहा गया है कि “सबकी बारी आएगी।”

आखिरी वीडियो में गाया था- ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’

अंकित बालियान अक्सर अपने गानों में ‘गन कल्चर’ को बढ़ावा देने के लिए जाने जाते थे। हैरानी की बात यह है कि हत्या से कुछ ही देर पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बोल थे- ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’। कुछ ही घंटों बाद असल जिंदगी में जिम से बाहर निकलते ही चार अज्ञात हमलावरों ने उन पर करीब 20 राउंड फायरिंग कर दी।

मूल रूप से शामली के बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित अक्सर हरियाणा के सोनीपत में ही रहते थे। मौके से पुलिस को 20 खोखे मिले हैं और अंकित के शरीर से भी कई गोलियां निकाली गई हैं।

अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

इस नृशंस हत्याकांड को लेकर सूबे की सियासत भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए योगी सरकार को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने लिखा, “उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है, उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है।” अखिलेश यादव ने इस घटना पर जाट समुदाय के आक्रोश का भी जिक्र किया और मामले की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के एंगल से कराने की मांग की।