‘राजनेताओं संग खेलते हैं बैडमिंटन, पर विपक्ष के लिए दरवाजे बंद…’: CJI सूर्यकांत पर भड़के संजय राउत
मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात का कथित तौर पर अनुरोध ठुकराए जाने के बाद राजनीतिक गतिरोध बढ़ गया है। आज इंडिया (INDIA) गठबंधन के नेता दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट तक पैदल मार्च निकाल रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के नेताओं को समय न दिए जाने पर सीजेआई की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए और आरोप लगाया कि संकट के समय सुप्रीम कोर्ट ने जनता के लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं।
‘अचानक रद्द कर दिया गया मिलने का समय’
संजय राउत ने बताया कि आज INDIA गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकलेगा, जिसमें सभी घटक दल शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया, “सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मिलने की हमने गुहार लगाई थी। मुझे पता चला था कि आज शाम 4-5 बजे के बीच का समय दिया गया था, लेकिन बाद में इसे अचानक रद्द कर दिया गया।”
जजों के सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाने पर उठाया सवाल
CJI द्वारा राजनीतिक नेताओं से मिलने से कथित इनकार पर राउत ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “CJI कहते हैं कि उन्हें लीडर ऑफ अपोजिशन या राजनेताओं के डेलिगेशन से मिलने का अधिकार नहीं है। देश की जनता को इस पर हैरानी हुई है। कुछ महीने पहले हमने देखा था कि देश के मुख्य न्यायाधीश सहित कई जज राजनीतिक नेताओं के साथ लंदन में बैडमिंटन खेल रहे थे। कई राज्यों में बीजेपी के राजनीतिक कार्यक्रमों में भी जज हाजिर रहते हैं। मुख्यमंत्रियों द्वारा आयोजित डिनर में भी वो जाते हैं।”
राउत ने पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ के घर गणपति पूजा में पीएम मोदी के जाने का भी परोक्ष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हम उन्हें अपने घर शादी का न्योता देने या गणपति आरती के लिए नहीं बुला रहे हैं। हमारे घर ऐसा कोई फंक्शन नहीं है।”
‘इतिहास में दर्ज होगा कि सुप्रीम कोर्ट ने दरवाजे बंद किए’
शिवसेना नेता ने देश में तानाशाही और वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा, “आज देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। सुनवाई के सब दरवाजे बंद हो गए हैं, इसलिए हम कोर्ट के दरबार में जाना चाहते हैं। लेकिन उन्होंने तो अपने दरवाजे ही बंद कर दिए हैं। इतिहास में यह दर्ज होगा कि जब देश संकट में था, तो सुप्रीम कोर्ट ने जनता के लिए दरवाजे बंद कर दिए थे।”
राउत ने CJI से भावुक अपील करते हुए कहा कि न्यायालय जनता, लोकतंत्र और संविधान के लिए है। उन्होंने कहा, “अगर हमें कुछ गुहार लगानी है, देश में जो चल रहा है उसे आपके संज्ञान में लाना है, तो 24 घंटे नहीं, सिर्फ 24 मिनट के लिए दरवाजा खोल दीजिए।”
अंत में संजय राउत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का पद केवल सैन्य सुरक्षा के भरोसे चल रहा है, लेकिन वे भी जल्द हट जाएंगे।
