‘सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं’: मुलाकात का अनुरोध ठुकराने की खबरों के बीच CJI सूर्यकांत का बड़ा बयान
cji
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे इंडिया (INDIA) गठबंधन के नेताओं से मुलाकात का अनुरोध ठुकराए जाने की खबरों के बीच, भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत का अहम बयान सामने आया है। CJI ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे देश के हर नागरिक और जनप्रतिनिधि के लिए हमेशा खुले हैं।
CJI सूर्यकांत ने सुनवाई और न्याय के अधिकार पर जोर देते हुए कहा, “कोई भी पिटीशन हो, कोई भी व्यक्ति चाहे वह आम नागरिक हो या कोई माननीय सदस्य, हम सुनवाई करेंगे।”
‘कानून के अनुरूप होगी सुनवाई’
संविधान और न्याय व्यवस्था का हवाला देते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि भारत के हर नागरिक का यह अधिकार है कि वह अपनी समस्या लेकर सुप्रीम कोर्ट के पास आए।
उन्होंने स्पष्ट किया, “हम कानून की व्यवस्था को और कानून के अनुरूप जो उनकी समस्या है, उसकी अपनी तरफ से सुनवाई करेंगे। जिसका जो अधिकार बनता है, उसे वह अधिकार जरूर दिया जाएगा।”
राहुल गांधी ने भेजी थी चिट्ठी
यह बयान उस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच आया है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर CJI से मुलाकात का समय मांगा था। राहुल गांधी ने सीजेआई को एक चिट्ठी भेजकर इंडिया गठबंधन के कुछ प्रमुख नेताओं के नाम सुझाए थे, जो इस मुद्दे पर उनसे मिलकर अपनी बात रखना चाहते थे।
इस बीच, राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के अन्य नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज सुप्रीम कोर्ट तक एक बड़ा विरोध मार्च निकाल रहे हैं। विपक्षी दलों के इस प्रोटेस्ट को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई मेट्रो स्टेशनों को बंद करने के साथ ही ट्रैफिक भी डायवर्ट किया गया है।
