शिकागो मंदिर हमले की साजिश पर सद्गुरु ने जताई चिंता, कहा- ‘यह हमारी विफलता’

usa

अमेरिका के शिकागो (इलिनॉय) स्थित एक प्रमुख हिंदू मंदिर, श्री वेंकटेश्वर मंदिर (ऑरोरा), में सामूहिक गोलीबारी की दिल दहला देने वाली साजिश का खुलासा हुआ है। इस मामले में 19 वर्षीय युवक एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस (Alexandros Paporakis) को गिरफ्तार किया गया है। ईशा फाउंडेशन के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु (Sadhguru) ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए इसे ‘समाज की विफलता’ करार दिया है।

राइफल जाम होने से टला बड़ा नरसंहार

पुलिस और जांच एजेंसियों के अनुसार, 19 साल का एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस हमले की पूरी तैयारी कर चुका था। रविवार को वह ऑरोरा के वेंकटेश्वर मंदिर में सामूहिक गोलीबारी (Mass Shooting) को अंजाम देने वाला था, लेकिन ऐन मौके पर उसकी राइफल जाम हो गई, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा और कई लोगों की जान जाने से बच गई।

गिरफ्तारी के बाद जांच में यह बात सामने आई है कि वह युवक नफरत और कट्टरपंथ से पूरी तरह ग्रसित हो चुका था। 14 अक्टूबर को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां उस पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

सद्गुरु ने कहा- ‘यह अगली पीढ़ी की परवरिश में हमारी विफलता’

एक 19 साल के युवक के भीतर इतनी गहरी नफरत देखने के बाद सद्गुरु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट के जरिए समाज को आईना दिखाया है।

शिकागो की इस घटना का जिक्र करते हुए सद्गुरु ने लिखा, “जब किसी युवा का जीवन नफरत से इतना भर जाए कि वह उन लोगों को मारने की योजना बनाने लगे, जिन्हें वह खुद से अलग मानता है, तो यह अगली पीढ़ी की परवरिश में हमारी विफलता को दर्शाता है।”

सद्गुरु ने समाज में समावेशिता (Inclusivity) और मानवीय चेतना को बढ़ाने पर जोर देते हुए आगे लिखा, “यह बहुत जरूरी है कि हम सबको साथ लेकर चलने की भावना को बढ़ावा दें और मानवीय चेतना को ऊपर उठाने की दिशा में काम करें। ऑरोरा हमले को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने वालों के प्रति हम गहरा आभार व्यक्त करते हैं।”

भारत सरकार ने भी जताई ‘गहरी चिंता’

इस घटना को लेकर भारत सरकार ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान अमेरिका में हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर रची गई इस सामूहिक गोलीबारी की साजिश को ‘गहरी चिंता का विषय’ बताया।

जायसवाल ने कहा कि भारत सरकार इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और अमेरिका से आग्रह किया गया है कि वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों और उनके धार्मिक स्थलों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाए।