Mau News: श्मशान के पास मिली PM मोदी की तस्वीर, नींबू-सिंदूर और सुई देख पुलिस ने शुरू की जांच
दोहरीघाट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के पास संदिग्ध सामग्री मिलने के दावे के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट क्षेत्र में सरयू नदी के किनारे बने श्मशान घाट के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर मिलने का मामला सामने आया है। तस्वीर के आसपास नारियल, नींबू, लाल धागा और सिंदूर रखा हुआ दिखाई दिया, जबकि एक नींबू में सुई भी चुभाई गई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, ‘लाइव अब तक’ इस वायरल वीडियो और फोटो की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के मुताबिक, श्मशान घाट के पास जमीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर रखी मिली थी। उसके आसपास जिस तरह नारियल, नींबू, सिंदूर और अन्य सामग्री रखी गई थी, उसे टोना-टोटका और तंत्रमंत्र से जोड़कर देखा जा रहा है। तस्वीर के पास लाल धागा भी मिला है। हालांकि, यह सामग्री किसने रखी और इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
तस्वीर और उसके आसपास रखी सामग्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर से जुड़ा होने के कारण पुलिस-प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू की है।
दोहरीघाट के थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने इस घटना के पीछे किसी अराजक तत्व का हाथ होने की बात कही और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
