लाल सागर में 14 भारतीयों की नाव पर हमला, हूतियों ने लगाया सऊदी अरब पर आरोप
खाड़ी क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हमलों के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनकी स्वदेश वापसी बड़ी चिंता बनी हुई है।
यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने लाल सागर में जुकार आइलैंड के पास एक नाव को निशाना बनाया है। इस नाव पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे। हूती समूह का कहना है कि उनकी सशस्त्र सेना (आर्म्ड फोर्सेज) ने इन सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया है।
हूतियों ने दी समुद्री सुरक्षा को लेकर चेतावनी
सीजीटीएन यूरोप की रिपोर्ट के मुताबिक, हूती विद्रोहियों ने इस कथित हमले का सीधा आरोप सऊदी अरब पर लगाया है। समूह ने चेतावनी दी है कि इस तरह के कदम रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लाल सागर जलमार्ग में समुद्री सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकते हैं। रेड सी (लाल सागर) ग्लोबल ट्रेड के लिए एक अहम समुद्री मार्ग है। नाव किस तरह की थी, हमले के वक्त हालात क्या थे और यात्रियों की वर्तमान स्थिति क्या है, इसे लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हूतियों ने जल्द ही इस बारे में अतिरिक्त जानकारी साझा करने का वादा किया है।
सऊदी अरब में भारतीयों पर हुए थे हमले
यह घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है, जब सऊदी अरब में हाल के दिनों में कई बड़े हमले हुए हैं। 21 अक्टूबर को दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे। सऊदी अरामको के शायबाह ऑयल फील्ड में हुए एक अन्य हमले में भी एक भारतीय नागरिक घायल हुआ था।
भारत जता चुका है कड़ी आपत्ति
सऊदी अरब में हुए इन पिछले हमलों को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) कड़ी निंदा कर चुका है। मंत्रालय ने अपने बयान में सऊदी अरब में आम नागरिकों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे (एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर) को निशाना बनाए जाने पर गहरी चिंता जाहिर की थी। भारत ने स्पष्ट किया था कि इस तरह की घटनाओं में निर्दोष नागरिकों की जान जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
