राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर रामकृपाल यादव का तंज- ‘विदेश जाने का रहस्य क्या है?’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने राहुल गांधी के बार-बार विदेश जाने को लेकर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी देश में तो रहते नहीं हैं और उनके विदेश जाने के पीछे कोई न कोई रहस्य जरूर है।
राहुल गांधी के विदेश दौरों पर उठाए सवाल
रामकृपाल यादव ने राहुल गांधी के दौरों पर सवाल उठाते हुए कहा, “राहुल गांधी देश में थोड़ी रहते हैं? जब से वह नेता प्रतिपक्ष बने हैं या उससे पहले से भी, हर दो-चार या छह महीने में विदेश दौरा करना उनकी आदत रही है। वियतनाम जा रहे हैं, अमेरिका जा रहे हैं, कहीं जा रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि विदेश जाने का क्या रहस्य है? क्या स्टडी करने जाते हैं? लोगों की जुबान पर यह बात है कि राहुल गांधी के विदेश जाने के पीछे कोई न कोई रहस्य है। कभी तो इससे पर्दा उठ जाएगा।”
क्या है राहुल गांधी का अमेरिका दौरा?
बता दें कि राहुल गांधी का अमेरिका दौरा 16 से 19 नवंबर तक प्रस्तावित है। इस दौरान वह 17 नवंबर को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी और 18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके इस दौरे की खबर आते ही बीजेपी नेताओं की ओर से लगातार हमले किए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी के अलावा रामकृपाल यादव ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर भी हमला बोला। बीजेपी द्वारा अखिलेश यादव को ‘चुनावी हिंदू’ बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, “पार्टी ठीक बोल रही है। इन लोगों को पता है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में नतीजे आने वाले हैं। उन्हें यह भी पता है कि समाजवादी पार्टी का हश्र क्या होने वाला है। इसीलिए सोची-समझी रणनीति के तहत वह राम मंदिर जा रहे हैं।”
‘बाबरी मस्जिद के समय का पाप धोने की कोशिश’
रामकृपाल यादव ने बाबरी मस्जिद विध्वंस के दौरान हुई गोलीबारी का भी जिक्र किया। उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को राजनीतिक रणनीति बताते हुए कहा, “बाबरी मस्जिद की वह घटना, जहां गोलियां चलाई गई थीं, कितने निर्दोष राम भक्तों की शहादत हुई थी। अखिलेश यादव राम मंदिर जाकर उस पाप को धोने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह पाप धुलने वाला नहीं है।”
रामकृपाल यादव के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार की राजनीति में वार-पलटवार तेज होने की उम्मीद है।
