‘ज्ञानेश कुमार का बचाव कर बहुत बड़ी गलती कर रही सरकार’: दिल्ली में भारी पुलिस बल की तैनाती पर राहुल गांधी का बड़ा हमला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोमवार को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शनों और दिल्ली में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ पिछले चार-पांच दिनों से दिल्ली में जो पब्लिक मूवमेंट (Public Movement) चल रहा है, उसे रोकने के लिए सरकार दमनकारी नीतियां अपना रही है।
‘दिल्ली को किला और जेल क्यों बना दिया गया?’
राहुल गांधी ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली में भारी पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती पर सीधे सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “राजधानी को जेल क्यों बना दिया गया है? लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोक दिया गया। ट्रेन और बसों को रोका गया। दिल्ली को किला बना दिया गया है और सब जगह 20-30 हजार पुलिस वाले लगा दिए गए हैं।”
‘हम चाहते हैं पुलिस सड़क पर खड़ी रहे’
कांग्रेस सांसद ने सरकार की इस रणनीति को लेकर एक अलग ही दावा किया। उन्होंने कहा, “हमारी योजना दूसरी है। हम चाहते हैं कि 20 हजार, 30 हजार पुलिसवाले सड़क पर खड़े हों। सरकार ऐसा करके बहुत बड़ी गलती कर रही है। हम देश को दिखाना चाहते हैं कि सरकार ज्ञानेश कुमार का बचाव कर रही है। एक तरफ तो हम उनका इस्तीफा मांग रहे हैं, लेकिन असल में हम चाहते हैं कि सरकार उनका बचाव करे। क्योंकि जितना वे ज्ञानेश कुमार का बचाव करेंगे, आखिर में हम उनके कंट्रोलर (नियंत्रक) तक पहुंचेंगे।”
‘पुलिस वाले भी पूछ रहे हैं- युवाओं को क्यों पिटवाया जा रहा है?’
राहुल गांधी ने दावा किया कि खुद पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल इस स्थिति से परेशान हैं। उन्होंने कहा, “हमें रिपोर्ट मिल रही है कि पुलिस वाले बड़े परेशान हैं। वो कह रहे हैं कि हमसे हिंदुस्तान के देशभक्त युवाओं को क्यों पिटवाया जा रहा है? गृह मंत्रालय, दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ और आईटीबीपी के अंदर यह सवाल पूछा जा रहा है कि युवाओं को रोकने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन आरएसएस (RSS) के लोगों को फ्री घूमने दिया जा रहा है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों का कहना है कि “आरएसएस की भीड़ महिलाओं को मार रही है और पुलिस को युवाओं को पीटने का निर्देश दिया जा रहा है।” राहुल गांधी ने दावा किया कि 50 प्रतिशत पुलिस वाले विपक्ष की कार्रवाई को सही मान रहे हैं।
‘हम आपको छोड़ेंगे नहीं ज्ञानेश कुमार जी’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में राहुल गांधी ने सीधे तौर पर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “ये सब इसलिए हो रहा है क्योंकि हम वही सवाल पूछ रहे हैं जो दो चुनाव आयुक्तों ने पूछा था—कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं?”
उन्होंने सीधे ज्ञानेश कुमार को संबोधित करते हुए कहा, “ज्ञानेश कुमार जी, हम जानते हैं आपकी क्या हालत है और आप रात को सो नहीं पा रहे हैं। आप घबराइए नहीं, हम आपको छोड़ेंगे नहीं। मैं आपको सीधे कह रहा हूं कि आप चुनाव आयुक्त के रूप में बचोगे नहीं, क्योंकि लाखों लोग आपके व्यवहार पर सवाल पूछ रहे हैं।” राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि विपक्ष तब तक नहीं रुकेगा जब तक ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटा नहीं दिया जाता।
