प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत में चौंकाने वाला खुलासा: पोस्टमार्टम में प्राइवेट पार्ट कटने की पुष्टि

premanand

वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस जांच उलझ गई है। शुक्रवार को आश्रम की छत से गिरकर हुई मौत को जहां शुरुआत में आत्महत्या माना जा रहा था, वहीं अब मृतक के शरीर पर मिले गंभीर निशानों और कमरे से ग्राइंडर बरामद होने के बाद इस घटना में नया मोड़ आ गया है।

अत्यधिक खून बहने से हुई मौत

दीपक लोधी शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे वृंदावन के बाराह घाट मार्ग स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम की छत से नीचे आ गिरे थे। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह जमीन पर गिरते हुए नजर आ रहे हैं।

वृंदावन के क्षेत्राधिकारी (CO) संदीप कुमार सिंह के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला पहली नजर में आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का मुख्य कारण शरीर से अत्यधिक खून बहना (Heavy Bleeding) बताया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऊंचाई से गिरने के कारण दीपक को कई गंभीर चोटें आई थीं, जिससे भारी ब्लीडिंग हो सकती है।

प्राइवेट पार्ट कटने के साक्ष्य और कमरे में मिला ग्राइंडर

पुलिस जांच के दौरान सबसे हैरान करने वाला तथ्य तब सामने आया, जब मृतक के प्राइवेट पार्ट के कटने के साक्ष्य मिले। इसके साथ ही, दीपक आश्रम के जिस कमरे में रहते थे, वहां से पुलिस को एक ग्राइंडर भी बरामद हुआ है।

मथुरा पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह चोट कैसे और किन परिस्थितियों में लगी। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत फॉरेंसिक रिपोर्ट और एक्सपर्ट जांच के बाद ही मौत की असल वजह और इन चोटों के पीछे की पूरी कहानी स्पष्ट हो सकेगी।

2024 में ली थी दीक्षा, परिजनों ने लगाए मिलने न देने के आरोप

दीपक की मौत के बाद उनके परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के बहनोई सोनू पटेल ने बताया कि दीपक साल 2024 से प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े हुए थे।

परिजनों का आरोप है कि दीक्षा लेने के बाद से दीपक का अपने परिवार से पूरी तरह संपर्क टूट गया था। वह अपने पास मोबाइल फोन भी नहीं रखते थे। परिवार का दावा है कि जब भी वे दीपक से मिलने वृंदावन आते थे, उन्हें मिलने नहीं दिया जाता था।

दीपक लोधी का अंतिम संस्कार वृंदावन में कर दिया गया है। मथुरा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटाकर इस बात की जांच कर रही है कि यह केवल आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।