प्रयागराज का लापता ग्राम प्रधान वृंदावन में मिला | संत प्रेमानंद के आश्रम में था जानकीनाथ यादव
प्रयागराज के मनसैता गांव के ग्राम प्रधान जानकीनाथ यादव, जिनके परिवार ने उनकी हत्या का आरोप लगाया था, एक हफ्ते बाद वृंदावन में संत प्रेमानंद के आश्रम में मिले। पुलिस के मुताबिक वह सकुशल हैं और गुरुवार को थरवई पुलिस उन्हें वृंदावन से लाकर परिजनों को सौंप चुकी है। जानकीनाथ 29 अक्तूबर की शाम लुंगी-बनियान में संदिग्ध हालात में घर से लापता हुए थे।
जानकीनाथ यादव कितने दिन से लापता था?
डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने गुरुवार को पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हाईकोर्ट में समीक्षा अधिकारी छत्रपाल यादव ने 30 अक्तूबर को थरवई थाने में अपने 29 वर्षीय छोटे भाई जानकीनाथ की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद 3 नवंबर को उन्होंने अज्ञात के खिलाफ अपहरण कर हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, ड्रोन और डॉग स्क्वायड की मदद ली और एसडीआरएफ के जरिए मनसैता नदी में भी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। तलाश में पुलिस की 13 टीमें लगी थीं।
पुलिस को ग्राम प्रधान का सुराग कैसे मिला?
पुलिस के अनुसार 4 नवंबर की रात जानकीनाथ ने नया सिम खरीदकर अपने चाचा और थरवई थाना प्रभारी को फोन किया और बताया कि वह वृंदावन में संत प्रेमानंद के आश्रम में हैं। नया सिम चालू होने के बाद ही उनकी लोकेशन का पता चला। इसके बाद थरवई पुलिस की टीम वृंदावन गई और उन्हें लेकर लौटी।
जानकीनाथ यादव ने घर छोड़ने की क्या वजह बताई?
पुलिस पूछताछ में जानकीनाथ ने बताया कि परिजनों से कहासुनी के बाद नाराज होकर उन्होंने 29 अक्तूबर की शाम मोबाइल स्विच ऑफ किया और पैदल कछार के रास्ते फाफामऊ पहुंचे। वहां उन्होंने नए कपड़े खरीदकर पहने और 30 अक्तूबर की सुबह करीब छह बजे फाफामऊ रेलवे स्टेशन से गंगा गोमती एक्सप्रेस पकड़कर लखनऊ पहुंचे। लखनऊ जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से सुबह साढ़े दस बजे जनरल टिकट लेकर वह आगरा गए, वहां से झेलम एक्सप्रेस से मथुरा पहुंचे और फिर वृंदावन में प्रेमानंद के आश्रम में रुक गए। पुलिस जांच में भी सामने आया कि उनका परिवार से झगड़ा हुआ था।
