‘विपक्ष के नेताओं की निगरानी गलत…’: राहुल गांधी की ‘फोन टैपिंग’ पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, BJP पर साधा चौतरफा निशाना
समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के फोन टैपिंग (Phone Tapping) से जुड़े आरोपों को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर बड़ा हमला बोला है। तकनीक के कथित दुरुपयोग को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए अखिलेश ने राज्य और केंद्र की नीतियों को लेकर भी तीखे सवाल उठाए।
‘लोकतंत्र में विरोधियों की निगरानी स्वीकार्य नहीं’
अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि फोन टैपिंग और राजनीतिक नेताओं की निगरानी से जुड़े आरोपों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि आज के दौर में रिकॉर्डिंग करना बेहद आसान हो गया है और खुद बीजेपी लोगों को ‘रील’ (Reels) बनाने और उससे कमाई करने के लिए प्रोत्साहित करती है।
इजरायल के स्पाइवेयर (Spyware) विवाद की ओर इशारा करते हुए सपा प्रमुख ने कहा, “यदि विपक्ष के महत्वपूर्ण नेताओं की जानकारी या बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा है, तो यह बेहद गलत है। लोकतंत्र में राजनीतिक विरोधियों की निगरानी करना कतई स्वीकार्य नहीं हो सकता।”
राम मंदिर और PDA: बीजेपी पर कसा तंज
राम मंदिर जाने से जुड़े एक सवाल पर अखिलेश यादव ने सीधे जवाब देने के बजाय बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर हर दिन एक नया नाम और नई व्याख्या सामने लाती है। अखिलेश ने चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी को PDA के नाम से ‘पेट में दर्द’ होने लगता है।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) के संभावित गठबंधन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि दलित समाज और PDA पूरी तरह एकजुट है। आगरा में हुए हालिया सम्मेलन का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि दलित और वंचित वर्ग के लोगों को संविधान और आरक्षण के भविष्य को लेकर गहरी चिंता है और वे समाजवादी पार्टी के साथ खड़े हैं।
पेपर लीक और आरक्षण को लेकर सरकार पर बड़े आरोप
उत्तर प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए अखिलेश यादव ने पेपर लीक (Paper Leak), बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने और सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के गंभीर मुद्दे भी उठाए।
उन्होंने दावा किया कि सूबे में अब तक 20 से अधिक पेपर लीक हो चुके हैं और करीब 200 आंबेडकर प्रतिमाओं को तोड़ा गया है। आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आरक्षण लागू करने से बचने के लिए जानबूझकर न्यायिक प्रक्रिया (Court) का सहारा ले रही है।
‘वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की आशंका’
आगामी संसद सत्र में ‘परिसीमन’ (Delimitation) प्रस्ताव लाए जाने की संभावनाओं पर सपा प्रमुख ने कहा कि जब कई राजनीतिक दल इसके पक्ष में नहीं हैं, तो इसे पारित कराना सरकार के लिए आसान नहीं होगा।
चुनावों में धांधली की आशंका जताते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय मतदाता सूची (Voter List) में गड़बड़ी की जा सकती है। उन्होंने अंदेशा जताया कि मतदान केंद्र के अंदर और बाहर अलग-अलग सूचियां हो सकती हैं।
सीएम योगी के ‘डबल डोज’ पर प्रहार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि ‘डबल डोज’ की नीतियों का असर यह हुआ है कि राज्य में एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के वोट ही कट गए हैं।
वहीं, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के ‘100 में 60 हमारा, 40 में बंटवारा’ वाले चर्चित बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा कि अब 95 प्रतिशत पीड़ित और अपमानित लोग एक तरफ (विपक्ष के साथ) आ चुके हैं।
