इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड की नर्सरी में आग लगने से कम से कम 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। हादसे के समय नर्सरी में 16 नवजात मौजूद थे। अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से सिर्फ एक बच्चे को बचाया जा सका।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित नर्सरी में लगी। बचाव दल ने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सुबह करीब 7 बजे लगी आग
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने बताया कि वार्ड में आग सुबह करीब 7 बजे लगनी शुरू हुई थी।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आग पर काबू पा लिया गया है। इसके बाद घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया।
AC कंप्रेसर फटने से आग लगने की बात
बचाव अभियान से जुड़े सूत्रों के हवाले से जियो न्यूज ने बताया कि नर्सरी में आग एयर-कंडीशनर के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद लगी हो सकती है।
हालांकि, आग की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि इस रिपोर्ट में नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल AC कंप्रेसर को आग लगने की संभावित वजह के तौर पर ही बताया जा रहा है।
खिड़की का शीशा तोड़कर नर्सरी में घुसे फायरफाइटर्स
सोशल मीडिया पर सामने आए रेस्क्यू ऑपरेशन के वीडियो में दमकलकर्मी अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित नर्सरी तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में फायरफाइटर्स को खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश करते देखा गया।