अफगानिस्तान पर फिर बरसे पाकिस्तानी बम: सुबह 3 बजे कंधार में एयरस्ट्राइक, सीजफायर टूटा

pakistan

पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान की सीमा के भीतर घुसकर हवाई हमला किया है। इस बार पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने कंधार शहर को अपना निशाना बनाया। सुबह करीब 3 बजे कंधार के रेगिस्तानी और उसके आस-पास के रिहायशी इलाकों पर बमबारी की गई। फिलहाल किसी के हताहत होने या नुकसान की आधिकारिक खबर नहीं है, लेकिन धमाकों की गूंज इतनी तेज थी कि इलाके में भारी दहशत फैल गई और लोग अपने घर छोड़कर भागने लगे।

तालिबान ने की पुष्टि, पुलिस-सेना ने संभाला मोर्चा

तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए इस हमले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि धमाकों की आवाज से कंधार में अफरा-तफरी मच गई थी।

हालात को बेकाबू होने से रोकने के लिए तुरंत मौके पर पुलिस और सेना के जवानों को तैनात किया गया। सुरक्षा बलों ने लोगों को शांत रहने और घरों के भीतर ही सुरक्षित रहने की सलाह दी है। प्रशासन स्थिति का आकलन कर रहा है और जरूरत पड़ने पर सरकार खुद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है।

21 सितंबर को भी कुनार और पक्तिका पर दागे थे बम

कंधार पर यह एयरस्ट्राइक महज तीन दिन के भीतर पाकिस्तान का दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले 21 सितंबर को पाकिस्तान ने कुनार और पक्तिका प्रांतों में भी हवाई हमले किए थे।

पाकिस्तान का दावा था कि उसने इन इलाकों में चल रहे आतंकी ट्रेनिंग कैंपों और ठिकानों को निशाना बनाया है, जिसमें 28 आतंकी मारे गए और भारी मात्रा में गोला-बारूद नष्ट किया गया। इन ताबड़तोड़ हमलों के कारण पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले तीन महीने से चला आ रहा युद्धविराम (Ceasefire) समझौता टूट गया है और डूरंड लाइन पर एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है।

क्या है पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच विवाद की जड़?

दोनों देशों के बीच यह खूनी संघर्ष मुख्य रूप से दो बड़े मुद्दों पर टिका है:

  1. डूरंड लाइन (Durand Line): पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 2640 किलोमीटर लंबी सीमा रेखा है, जिसे डूरंड लाइन कहा जाता है। 1893 में ब्रिटिश काल के दौरान खींची गई इस रेखा को अफगानिस्तान आज भी आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय सीमा मानने से इनकार करता है।

  2. तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP): पाकिस्तान का आरोप है कि TTP के आतंकी अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल कर रहे हैं और अफगान तालिबान उन्हें पनाह दे रहा है। पाकिस्तान इन्हीं आतंकियों का खात्मा करने के नाम पर लगातार सीमा पार हवाई हमले कर रहा है, जिसे अफगानिस्तान अपनी संप्रभुता का उल्लंघन मानता है।