October 4, 2026

राजभर का अखिलेश यादव पर तंज: ‘इसे गठबंधन नहीं, ठगबंधन कहते हैं… चल रही बंदरबांट की लड़ाई’

op

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे और गठबंधन को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने दोनों दलों के बीच चल रही तनातनी को ‘ठगबंधन’ करार दिया है।

सोशल मीडिया पर साधा अखिलेश पर निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए सपा-कांग्रेस के बीच चल रही खींचतान पर कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा, “अखिलेश जी! आप रायबरेली गए तो कांग्रेस वाले आपके इटावा जाने को कह रहे हैं, चच्चू कांग्रेस वालों को जसवंतनगर बुलाकर औकात दिखाना चाह रहे हैं, इमरान मसूद आपको आंख दिखा रहे हैं, इकरा हसन कांग्रेस वालों को उनकी जगह दिखा रही हैं।”

‘लूट के माल की बंदरबांट के लिए लड़ाई’

राजभर ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और राजेंद्र पाल गौतम के बयानों का हवाला देते हुए आगे लिखा, “अजय राय और राजेंद्र पाल गौतम ने सपा को छोटा भाई बना ही दिया है और आपके प्रवक्ता लोग कांग्रेसियों को लिमिट में रहना सिखा रहे हैं। ए महाराज, इसको गठबंधन कहते हैं? असल में इसको ठगबंधन कहा जाता है। ठगी के लिए प्लानिंग भी हो रही और लूट के माल के बंदरबांट के लिए लड़ाई भी हो रही। लड़ाई इस बात की है कि कौन बड़ा ठग?”

अमेठी का जिक्र कर राहुल गांधी पर भी कसा तंज

सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश यादव से सवालिया लहजे में पूछा, “बस इतना बता दीजिए कि अपने नेताओं को कांग्रेस के खिलाफ बोलने की परमिशन भी आपने ही दी है ना? या चच्चू और बाक़ी नेता इस मामले में आत्मनिर्भर हो गए हैं?”

इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश को अमेठी जाने की सलाह देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तंज कसा। राजभर ने कहा, “बाकी रथ निकालिएगा तो यहीं लखनऊ के बगल में अमेठी है। एक चक्कर मार लीजिएगा। वही अमेठी जिसने आपके मित्र राहुल बाबा को सिर्फ़ हराया ही नहीं, बल्कि भगा दिया। उसी अमेठी घूम आइये महाराज, कांग्रेसियों को जलने दीजिए।”

सीट बंटवारे को लेकर सपा-कांग्रेस में मची है रार

गौरतलब है कि यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाला NDA गठबंधन एकजुट होकर मैदान में उतरने की रणनीति बना रहा है, वहीं दूसरी तरफ सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बयानबाजी का दौर जारी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, नेता राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद गठबंधन और सीट शेयरिंग में हो रही देरी को लेकर लगातार मुखर हैं, जिसका जवाब समाजवादी पार्टी के नेता भी अपने अंदाज में दे रहे हैं। चुनाव से पहले इस तनातनी ने दोनों दलों के बीच मतभेदों की चर्चाओं को तेज कर दिया है।