ओम प्रकाश राजभर का विवादित बयान, बांदा में बोले- ‘हमसे बड़ा गुंडा पूरे देश में कोई नहीं’
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर अपने बयानों के चलते एक बार फिर चर्चा में हैं। बांदा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बताते हुए एक तीखा और विवादित बयान दिया है।
बांदा में भागीदारी पार्टी की ‘जन अधिकार रैली’ में शामिल होने पहुंचे ओम प्रकाश राजभर ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा, “सुना है, बांदा में बहुत बड़े गुंडे रहते हैं, तो जान लीजिए हमसे बड़ा गुंडा कोई नहीं। अगर कोई आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो ओम प्रकाश राजभर उसकी दूसरी आंख निकालने की हैसियत रखता है।”
मुख्तार अंसारी और ब्रजेश सिंह का किया जिक्र
अपने भाषण के दौरान राजभर ने कई चर्चित राजनीतिक और बाहुबली चेहरों का भी जिक्र किया। उन्होंने आगे कहा, “जिसके यहां चाहे मुख्तार अंसारी हों, ब्रजेश सिंह हों, धनंजय सिंह हों या अभय सिंह जैसे लोग दरबार करते हैं, उससे बड़ा गुंडा भला के होई। हमसे बड़ा गुंडा पूरे देश में कोई नाहीं हौ।”
रैली में मौजूद समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी पार्टी और संगठन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी पार्टी, अपने झंडे और डंडे के लिए काम करना चाहिए। यदि कोई अन्य दल का व्यक्ति आकर अपना झंडा थमाने की कोशिश करे, तो उससे साफ कह दें कि वह खुद आपका झंडा थामे। इससे पहले बांदा पहुंचने पर नवीन मंडी स्थल पर सुभासपा प्रमुख का स्वागत किया गया था।
