September 15, 2026

पटना में NIA की बड़ी कार्रवाई: रांची RSS दफ्तर हमले से जुड़े तार

rss

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुए हमले के मामले में बुधवार को पटना में छापेमारी की। जांच एजेंसी ने चित्रगुप्त नगर स्थित एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के दो फ्लैटों की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान एक महिला के पास से करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

तीन दिन में दूसरी बार पहुंची टीम, आयकर को सूचना

एनआईए की टीम तीन दिनों के भीतर दूसरी बार इस अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में तलाशी के लिए पहुंची। इससे पहले 7 सितंबर को भी एजेंसी की टीम यहां आई थी, लेकिन फ्लैट बंद होने के कारण लौटना पड़ा था। बुधवार को हुई कार्रवाई में भारी मात्रा में नकद राशि मिलने के बाद आयकर विभाग को इसकी आधिकारिक सूचना दे दी गई है। इस ऑपरेशन में स्थानीय चित्रगुप्त नगर थाने के एसएचओ शंकर झा और उनकी टीम ने एनआईए का सहयोग किया।

संदिग्ध संदीप गुप्ता को दिल्ली से पटना लाई एजेंसी

सदर एसडीपीओ-1 मनोज कुमार के अनुसार, एनआईए रांची आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले से जुड़ी सूचनाओं के आधार पर यह अभियान चला रही है। तलाशी वाले परिसर का संबंध गोपालगंज निवासी संदीप गुप्ता से पाया गया है। एनआईए ने संदीप को दिल्ली में हिरासत में लिया था, जिसके बाद सबूत जुटाने और तलाशी में सहयोग के लिए उसे पटना लाया गया है।

दो फ्लैटों पर फोकस, सबूत जुटा रही टीम

एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि एनआईए की टीम रांची मामले में लगातार सबूत खंगाल रही है। जिन दो फ्लैटों की तलाशी ली जा रही है, उनमें से एक सीधे तौर पर संदीप गुप्ता से जुड़ा है। दूसरा फ्लैट एक कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है, लेकिन वहां रहने के कारण संदीप का संबंध उस फ्लैट से भी है। इस सर्च टीम में रांची एनआईए के अतिरिक्त एसपी अमरेंद्र तिवारी, तलाशी दल और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं।

रांची RSS कार्यालय हमले का बैकग्राउंड

यह पूरी जांच रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले से जुड़ी है। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, 17 जून की रात करीब 12:30 बजे दो अज्ञात लोगों ने कार्यालय पर कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंके थे। घटना के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों को बम फेंकने से पहले कार्यालय के पास आते और वारदात के बाद भागते हुए देखा गया था। पुलिस के अनुसार इस घटना में किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं थी।