मोहन भागवत के कार्यक्रम का विरोध: हिंदू संगठनों और मेयर ने जताया एतराज
न्यूयॉर्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत इस समय अमेरिका के अहम दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क के ऐतिहासिक मैडिसन स्क्वायर गार्डन में शनिवार (भारतीय समयानुसार शनिवार देर रात) को उनका एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। ‘अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग’ (AHEAD) फोरम द्वारा आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ नाम का यह कार्यक्रम अब एक बड़े विवाद का केंद्र बन गया है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी समेत 50 से ज्यादा स्थानीय और मानवाधिकार संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया है।
‘RSS हमारी विचारधारा का प्रतिनिधित्व नहीं करता’
मोहन भागवत के इस दौरे का अल्पसंख्यक समूहों के साथ-साथ अमेरिका में काम कर रहे कई हिंदू संगठनों ने भी विरोध किया है। ‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स’ की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुनीता विश्वनाथ ने बताया कि 61 अलग-अलग धर्मों और सेक्युलर संगठनों ने इस कार्यक्रम के विरोध में एक खुले पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। विरोध कर रहे हिंदू संगठनों का स्पष्ट कहना है कि भागवत को सभी हिंदुओं के प्रतिनिधि के तौर पर पेश करना गलत है और आरएसएस की हिंदुत्व विचारधारा उनका प्रतिनिधित्व नहीं करती है।
इससे पहले ‘इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल’ और ‘इंटरफेथ सेंटर ऑफ न्यूयॉर्क’ समेत कई नागरिक अधिकार समूहों ने मंगलवार को न्यूयॉर्क सिटी हॉल के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, इन विरोधों के बावजूद कार्यक्रम का आयोजन अपने तय समय पर हो रहा है।
मेयर जोहरान ममदानी ने जताया कड़ा एतराज
इस कार्यक्रम के खिलाफ आवाज उठाने वालों में न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी भी प्रमुखता से शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही उनके पास किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार न हो, लेकिन वह इसका बिल्कुल समर्थन नहीं करते।
अपनी भारतीय जड़ों का जिक्र करते हुए ममदानी ने कहा, “मेरी मां का परिवार भारत में रहता है। मुझे भारत की जो छवि दिखाई गई, वह एक ऐसे धर्मनिरपेक्ष देश की है, जहां सब मिलकर रहते हैं और हर व्यक्ति को अपना माना जाता है।” उन्होंने आरएसएस के बढ़ते प्रभाव को चिंताजनक बताते हुए कहा कि वह दूसरों को अलग-थलग करने वाली इस सोच का कड़ा विरोध करते हैं।
‘शहर में नफरत के लिए कोई जगह नहीं’
विरोध के इस सुर में अमेरिकी सियासत से जुड़े अन्य नेता भी शामिल हो गए हैं। कांग्रेस के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ब्रैड लैंडर ने सख्त लहजे में कहा कि वे मैडिसन स्क्वायर गार्डन में इस कार्यक्रम का विरोध करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके शहर में मोहन भागवत और आरएसएस की कथित नफरत के लिए कोई जगह नहीं है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, विरोध कर रहे समूहों के लोग मैडिसन स्क्वायर गार्डन पहुंचकर अपना शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।
