MEA की सख्त एडवाइजरी: ‘पैसे के लालच में रूसी सेना में न हों भर्ती, यह एक खतरनाक रास्ता’

Vladimir Putin

विदेश मंत्रालय (MEA) ने रूस की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एक सख्त एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती होने से बचने की हिदायत दी है और इससे जुड़े जानलेवा खतरों को लेकर आगाह किया है। यह चेतावनी उन लगातार आ रही सूचनाओं के बाद जारी की गई है, जिनमें भारतीय नागरिकों के रूसी सेना में शामिल होने की बात सामने आ रही है।

रूसी सेना में भर्ती को लेकर सख्त चेतावनी

MEA की एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि सरकार को लगातार ऐसी खबरें मिल रही हैं कि भारतीय नागरिकों को रूस की सेना में भर्ती किया जा रहा है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले दो सालों के दौरान भारत सरकार ने कई बार इस तरह के कदमों से जुड़े भारी जोखिमों और खतरों के बारे में नागरिकों को सचेत किया है।

विदेशी नौकरी के फर्जी ऑफर्स से बचें

विदेश मंत्रालय ने अपनी चेतावनी में रोजगार के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे विदेश में नौकरी के मौकों को लेकर सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंट के फर्जी ऑफर के झांसे में बिल्कुल ना आएं।

पैसे और फायदों के लालच में जान जोखिम में डाल रहे लोग

एडवाइजरी में एक बेहद चिंताजनक पहलू का भी विस्तार से जिक्र किया गया है। मंत्रालय के सामने ऐसे कई मामले आए हैं, जहां लोग जानबूझकर खुद रूसी सेना में शामिल होने के ऑफर्स तलाशते हैं।

लोग ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि सेना में भर्ती होने से उन्हें मोटा पैसा और अन्य कई तरह के फायदे मिलेंगे। ऐसे लोगों को यह भ्रम भी रहता है कि किसी मुश्किल में फंसने पर वे बाद में भारत सरकार से संपर्क करके वहां से सुरक्षित निकल सकेंगे।

सरकार ने इस मानसिकता पर बेहद सख्त रुख अपनाया है। MEA ने दो टूक कहा है कि यह एक खतरनाक रास्ता है और सरकार इस तरह के किसी भी कदम की कड़ी मनाही करती है।