September 15, 2026

अशोक सिद्धार्थ पर मायावती का गुस्सा, कहा- आने वाले समय में और खुलासे होंगे

mayawati-1-768x432

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती का गुस्सा भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ पर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मायावती ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर आक्रामक रुख अपनाते हुए अशोक सिद्धार्थ पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी द्वारा संन्यास की सलाह दिए जाने के बावजूद अशोक सिद्धार्थ ने दबाव के बाद भी आसानी से इस्तीफा नहीं दिया और खुद को बचाने के लिए पूरी रात तरह-तरह के हथकंडे अपनाते रहे।

‘मजबूरी में सुबह करनी पड़ी संन्यास की घोषणा’

मायावती ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जिस दिन पार्टी ने अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी थी, उस दिन वे काफी दबाव के बावजूद तत्काल इस्तीफा देने से कतराते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी कुर्सी बचाने के लिए वे पूरी रात जोड़-तोड़ और ड्रामेबाजी करते रहे।

जब उनके किसी भी हथकंडे से बात नहीं बनी, तब जाकर उन्होंने अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे मजबूरी में काफी ‘किंतु-परंतु’ के साथ संन्यास की घोषणा की। बसपा सुप्रीमो ने यह भी संकेत दिए कि अगर वे ज्यादा देर करते तो पार्टी को और बड़ा नुकसान हो सकता था, और आने वाले समय में इस पूरे मामले को लेकर और भी बड़े खुलासे किए जाएंगे।

सपा और कांग्रेस पर भी साधा निशाना

इस दौरान मायावती ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी द्वारा नीले रंग का इस्तेमाल करने से उनकी जातिवादी और संकीर्ण सोच कभी नहीं बदल सकती। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो सियासी दल बसपा से निकाले गए लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करने की फिराक में हैं, ऐसे डूबते हुए जहाज में कोई भी समझदार व्यक्ति अपना भविष्य खराब करने नहीं जाएगा।