October 4, 2026

विधान परिषद चुनाव के लिए BJP ने खोले पत्ते, पुणे और नागपुर से 3 उम्मीदवारों की घोषणा

bjp 2027

महाराष्ट्र में होने वाले विधान परिषद (MLC) के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। रविवार (4 अक्टूबर) को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने विचार-विमर्श के बाद तीन उम्मीदवारों के नामों को अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है।

राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे पर हुई चर्चा के बाद बीजेपी ने पुणे और नागपुर संभाग की तीन अहम सीटों पर अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है।

पुणे और नागपुर स्नातक सीटों के उम्मीदवार

पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक, बीजेपी ने दो स्नातक (Graduate) निर्वाचन क्षेत्रों पर अपने उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं:

  • पुणे विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: बीजेपी ने इस सीट से डॉ. स्मिता योगेश जाधव को अपना उम्मीदवार बनाया है।

  • नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: पार्टी ने नागपुर से श्री सुधाकर विठ्ठलराव कोहळे को प्रत्याशी घोषित किया है। नागपुर सीट पर अन्य राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों के चयन और मंथन की प्रक्रिया अभी भी जारी है।

पुणे शिक्षक सीट से कौस्तुभ गावडे को टिकट

स्नातक सीटों के अलावा बीजेपी ने एक शिक्षक (Teacher) निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी प्रत्याशी का ऐलान किया है। महायुति में सीट शेयरिंग फॉर्मूले के तहत पुणे शिक्षक सीट बीजेपी के खाते में गई है। पार्टी ने पुणे विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्री कौस्तुभ मुरलीधर गावडे को चुनावी मैदान में उतारा है।

23 अक्टूबर को मतदान, 27 को आएंगे नतीजे

महाराष्ट्र में विधान परिषद की इन सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। चुनाव आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार:

  • विधान परिषद चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान (Voting) होगा।

  • सभी सीटों के लिए मतों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी।

  • चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, राज्य में विधान परिषद चुनाव की यह पूरी प्रक्रिया हर हाल में 31 अक्टूबर से पहले संपन्न की जानी है।