शिवा की मां रंजना का श्रद्धा पर हत्या का आरोप, CM योगी से करेंगी मुलाकात

shiva

राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा मौत मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे अपने इकलौते बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उनका दावा है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी और श्रद्धा लगातार वीडियो वायरल कर खुद को बचाने की कोशिश कर रही है। रंजना का कहना है कि अब उनकी जिंदगी का सिर्फ एक मकसद है— श्रद्धा को सलाखों के पीछे पहुंचाना। इसके लिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलने की तैयारी कर रही हैं।

सीएम योगी से मिलकर मांगेंगी न्याय

मीडिया से बातचीत करते हुए रंजना ने बताया कि उन्होंने क्षेत्रीय भाजपा विधायक नीरज बोरा को पत्र सौंपा है। वह जल्द ही सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर श्रद्धा की गिरफ्तारी की मांग करेंगी। रंजना का दावा है कि उनके पास ऐसे पर्याप्त साक्ष्य हैं जो श्रद्धा को दोषी साबित कर सकते हैं।

‘माय डायरी’ में लिखे हैं श्रद्धा के राज

रंजना ने एक अहम खुलासा करते हुए बताया कि शिवा अपने मोबाइल में ‘माय डायरी’ (My Diary) नाम का एक फोल्डर रखता था, जिसमें वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और दिनभर की घटनाएं लिखता था। उनका दावा है कि इस डायरी और मोबाइल में श्रद्धा के काले कारनामों और ब्लैकमेलिंग से जुड़े कई अहम सबूत मौजूद हैं। रंजना ने शिवा का यह मोबाइल पुलिस को सौंप दिया है। इसके अलावा, एक पुराना ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर श्रद्धा, शिवा को धमकाती हुई सुनाई दे रही है।

कर्ज की बात पर रंजना का जवाब

शिवा पर कर्ज होने की बातों को खारिज करते हुए रंजना ने कहा कि वे कारोबारी हैं। अगर कर्ज था भी, तो शिवा अपनी कार श्रद्धा के पास गिरवी रखकर उसे चुकाने की कोशिश कर रहा था। उनका आरोप है कि श्रद्धा लगातार उनके बेटे को ब्लैकमेल कर रही थी और इसी साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद भी श्रद्धा या अन्य किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर रंजना ने लखनऊ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा नेपाल जाकर वापस लखनऊ लौट आई और लगातार वीडियो वायरल कर रही है, लेकिन पुलिस अब तक उसे पकड़ नहीं पाई है।

गायब है शिवा का दूसरा मोबाइल

रंजना ने पुलिस से मांग की है कि शिवा का दूसरा मोबाइल भी जल्द खोजा जाए, जो घटना वाले दिन से गायब है। उनका दावा है कि उस फोन में भी श्रद्धा के खिलाफ कई अहम सुराग और साक्ष्य छिपे हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि शिवा की मौत से करीब 15-20 दिन पहले हजरतगंज के हनुमान मंदिर में उनकी श्रद्धा से मुलाकात हुई थी। उस वक्त रंजना ने श्रद्धा से उसकी आईडी (ID) मांगी थी, जिसे देने से उसने इनकार कर दिया था।

रंजना ने स्पष्ट किया है कि भले ही उन्हें अब तक पुलिस से निराशा हाथ लगी है, लेकिन उनका सरकार और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और वह बेटे को न्याय दिलाने के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगी।