Ankita Bhandari Case VIP Audio: उर्मिला और सुरेश राठौर नार्को टेस्ट के लिए तैयार, कोर्ट में हाई वोल्टेज ड्रामा
देहरादून की सीबीआई (CBI) अदालत में शुक्रवार को अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित VIP ऑडियो प्रकरण में अहम सुनवाई हुई। इस मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने नार्को टेस्ट कराने के लिए अपनी सहमति दे दी है। सीबीआई ने वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता और तथ्यों की पड़ताल के लिए उर्मिला का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अर्जी अदालत में दायर की है।
कचहरी परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा
सीबीआई का नोटिस मिलने के बाद शुक्रवार को दोनों अदालत पहुंचे, जहां भारी गहमागहमी देखने को मिली। उर्मिला के देहरादून कचहरी पहुंचते ही माहौल तब गरमा गया जब पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने उन्हें अपनी पत्नी मानने से साफ इनकार कर दिया। इस पर उर्मिला भड़क उठीं और आक्रोश में यहां तक कह डाला कि वह राठौर को कोर्ट परिसर में ही चप्पल से मारेंगी।
बता दें कि उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के बीच वैवाहिक स्थिति को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। उर्मिला दावा करती हैं कि वह राठौर की पत्नी हैं, जबकि पूर्व विधायक इस दावे को लगातार खारिज करते रहे हैं।
‘लाइव कैमरों के सामने हो टेस्ट, कई राज सामने आएंगे’
नार्को टेस्ट को लेकर उर्मिला ने मांग रखी है कि यह प्रक्रिया लाइव कैमरों की मौजूदगी में और सही तरीके से होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यदि ऐसा हुआ तो अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नीलम हत्याकांड तक के कई राज सामने आ जाएंगे। उर्मिला ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी हाल में अपने बयानों से पीछे हटने वाली नहीं हैं। इसके अलावा, उन्होंने सुरेश राठौर पर उनके नौकर की मौत को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए।
‘मुझ पर कोई दबाव नहीं, हर जांच के लिए तैयार हूं’
दूसरी तरफ, पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने उर्मिला के आरोपों के बीच अपनी स्थिति स्पष्ट की। राठौर ने कहा कि वह किसी भी तरह की जांच में सीबीआई के साथ पूरा सहयोग करेंगे। उनके मुताबिक, वह नार्को टेस्ट के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उन पर इस प्रक्रिया को लेकर कोई दबाव नहीं है।
26 तारीख को होगी अगली सुनवाई
पेशी के बाद उर्मिला ने जानकारी दी कि अदालत ने उन्हें नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति पर फिर से सोच-विचार करने का समय दिया है। अदालत ने अब इस मामले की अगली सुनवाई 26 तारीख को तय की है, जहां उनकी अंतिम सहमति और टेस्ट से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं पर विचार किया जाएगा।
