September 15, 2026

CM की कुर्सी पर केशव मौर्य की नजर? बोले- ‘मेरी भी महत्वाकांक्षा है’

Keshav Prasad Maurya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राज्य का मुख्यमंत्री बनने की अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा खुलकर जाहिर कर दी है। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी इच्छा जरूर है, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और विधायक दल ही करेगा। मौर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ किसी भी तरह की राजनीतिक प्रतिस्पर्धा या मनमुटाव को खारिज करते हुए उनके साथ मिलकर काम करने का दावा किया। इसके अलावा उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला और आगामी विधानसभा चुनाव में 300 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया।

मुख्यमंत्री पद पर केशव मौर्य का बड़ा बयान

डिप्टी सीएम ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कहा कि हो सकता है कि अगली बार लोग उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखें या किसी अन्य रूप में देखें। हालांकि, उन्होंने तुरंत स्पष्ट किया कि केवल उनकी महत्वाकांक्षा से कुछ तय नहीं होगा। उनके मुताबिक, फिलहाल पार्टी का मुख्य लक्ष्य बहुमत हासिल करना है। चुनाव के बाद विधायक दल और दिल्ली से आने वाले पर्यवेक्षक ही तय करेंगे कि राज्य की कमान किसे सौंपी जाएगी। योगी आदित्यनाथ के साथ काम करने के सवाल पर मौर्य ने कहा, “हम लोग मिलकर काम कर रहे हैं। सीएम और डिप्टी सीएम के साथ मिलकर काम करने की वजह से ही हम लगातार सत्ता में बने हुए हैं।”

अखिलेश यादव को ‘रिश्वत’ वाले दावों पर खुली चुनौती

रोजगार और नौकरियों के मुद्दे पर केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को सीधी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव एक भी ऐसा व्यक्ति सामने लाकर दिखाएं जो यह कहे कि उसने मौजूदा सरकार में रिश्वत देकर नौकरी पाई है। मौर्य ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग का ख्याल रखते हुए पूरी तरह निष्पक्ष होकर नौकरियां दी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा जहां भी सत्ता में आती है, वहां बार-बार आती है और उत्तर प्रदेश में पार्टी तीसरी बार जरूर सरकार बनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश के सरकार बनाने के दावों को “मुंगेरी लाल का हसीन सपना” करार दिया।

आरक्षण में कोई बदलाव नहीं

आर्थिक आधार पर आरक्षण को लेकर उठ रही मांगों पर मौर्य ने सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने साफ किया कि मौजूदा आरक्षण व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 फीसदी आरक्षण दिया गया है, जबकि 40 फीसदी अनारक्षित हिस्सा सभी प्रतिभाशाली छात्रों के लिए खुला है। सरकार इसी नियम के साथ आगे बढ़ेगी।

प्रयागराज की बाढ़ और अंकित बालियान हत्याकांड पर सख्त रुख

प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव के हालात पर अखिलेश यादव की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा, “सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले।” उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान राज्य में कोई विकास नहीं हुआ। प्रयागराज की समस्या पर मौर्य ने बताया कि उन्होंने खुद मामले का संज्ञान लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई है।

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले पर भी डिप्टी सीएम ने प्रतिक्रिया दी। मृतक के परिवार द्वारा आरोपियों के एनकाउंटर की मांग पर उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार का ऐसी मांग करना स्वाभाविक है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई हालात पर निर्भर करती है; यदि पुलिस एक्शन लेती है और आरोपी उलटा फायरिंग करता है, तब एनकाउंटर की स्थिति बनती है। मौर्य ने आश्वासन दिया कि हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।