बिना पंडित, बिना सात फेरे… काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर ने की ‘सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग’, जानिए क्या है यह परंपरा

kavya

म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर (Anirudh Ravichander) और सनराइजर्स हैदराबाद की को-ओनर काव्या मारन (Kavya Maran) अब आधिकारिक तौर पर पति-पत्नी बन चुके हैं। 11 नवंबर को ग्रीस में हुई इस ग्रैंड वेडिंग में ‘थलाइवर’ रजनीकांत (Rajinikanth) और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (MK Stalin) सहित कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की।

शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, लेकिन इस भव्य आयोजन से भी ज्यादा चर्चा उस तरीके की हो रही है जिससे दोनों ने शादी रचाई। काव्या और अनिरुद्ध ने पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों को छोड़कर ‘सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग’ (Self Respect Wedding) का रास्ता चुना।

डीएमके नेता टीआरबी राजा ने की पुष्टि

सोशल मीडिया पर जब अनिरुद्ध ने शादी की तस्वीरें शेयर कीं, तो एक तस्वीर में वह काव्या को चेन (मंगलसूत्र की जगह) पहनाते नजर आए। इसके बाद लोगों ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि क्या यह एक नॉन-वैदिक शादी है।

‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर डॉ. गणेश जापान नाम के एक यूजर ने यही सवाल पूछा। इसका जवाब देते हुए डीएमके (DMK) आईटी विंग के सेक्रेटरी डॉ. टीआरबी राजा (TRB Rajaa) ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने लिखा, “हां… काव्या और अनिरुद्ध ने एक-दूसरे को माला पहनाई। थलाइवर (रजनीकांत) ने काव्या को एक चेन दी और सुपरस्टार (कमल हासन) ने अनिरुद्ध को एक चेन दी। दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को चेन पहनाई, और उनके दोस्तों और परिवार वालों ने दिलों के इस मिलन को अपना आशीर्वाद दिया।”

क्या होती है ‘सेल्फ-रिस्पेक्ट वेडिंग’?

‘सेल्फ-रिस्पेक्ट वेडिंग’ की जड़ें तमिलनाडु के इतिहास में गहराई तक जुड़ी हैं। इस विवाह पद्धति की शुरुआत समाज सुधारक पेरियार ई. वी. रामासामी द्वारा चलाए गए ‘सेल्फ-रिस्पेक्ट मूवमेंट’ (आत्म-सम्मान आंदोलन) से हुई थी। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक प्रथाओं, जातिगत भेदभाव और शादियों में धार्मिक पुरोहितों के वर्चस्व को खत्म करना था।

इस शादी की मुख्य विशेषताएं:

  • कोई पंडित या मंत्र नहीं: इस शादी में किसी भी पंडित, पुरोहित या वैदिक मंत्रोच्चार की जरूरत नहीं होती।

  • सात फेरे नहीं: इसमें अग्नि के सामने सात फेरे लेने की भी कोई परंपरा नहीं है।

  • समानता पर जोर: दूल्हा और दुल्हन गवाहों की मौजूदगी में एक-दूसरे को माला या अंगूठी (या चेन) पहनाकर पति-पत्नी के रूप में स्वीकार करते हैं।

कानूनी मान्यता

वर्ष 1967 में इस प्रगतिशील प्रथा को तमिलनाडु में कानूनी मान्यता दे दी गई थी। ‘हिंदू विवाह अधिनियम’ में एक विशेष संशोधन के जरिए सेल्फ-रिस्पेक्ट वेडिंग को बिना किसी पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान या मंत्रोच्चार के पूरी तरह से वैध माना गया है। काव्या और अनिरुद्ध का यह कदम अब सोशल मीडिया पर खूब सराहना बटोर रहा है।