Bharat Summit 2026: राहुल गांधी का बड़ा दावा, ‘हम मोदी को हराने जा रहे हैं’
हैदराबाद के इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में चल रहे ‘भारत समिट 2026’ (Bharat Summit 2026) के आखिरी दिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने फासीवाद, चुनाव में धांधली और वोटरों के काटे गए नाम जैसे कई अहम मुद्दों पर बेबाक राय रखी।
अपने भाषण की शुरुआत में राहुल गांधी ने उन डेलिगेट्स से माफी मांगी, जो भारत सरकार के कारण समिट में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा, “यह हमारी गलती नहीं है, लेकिन इससे आपको अंदाजा लग गया होगा कि हम यहां क्या झेल रहे हैं।”
‘अमित शाह की आंखों में डर है’
राहुल गांधी ने आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) को हराने जा रहा है। उन्होंने कहा, “मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि हम मोदी को हराने जा रहे हैं। हम उनसे छुटकारा पाने वाले हैं। आप इसे सड़कों पर देख सकते हैं। वह डर मोदी और अमित शाह (Amit Shah) के मन में भी है। यह तो पहले ही तय हो चुका है।”
फासीवाद पर राहुल का कड़ा प्रहार
फासीवाद का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि पिछले एक दशक से फासीवादी लोग चिल्ला रहे हैं और देश की जनता देख रही है कि क्या हो रहा है। उन्होंने कहा, “फासीवादी लोगों की आवाज तेज होती है। कुछ लोग खुद को सर्वज्ञ (सब कुछ जानने वाला) मानते हैं। वे हर जगह मौजूद हैं और किसी की नहीं सुनते। जबकि बहुसंख्यक लोग विनम्र होते हैं।”
उन्होंने 2014 के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा, “2014 में हमने ऐसा चुनाव देखा, जो पहले कभी नहीं देखा था। चुनाव में करोड़ों डॉलर लगाए गए। विपक्ष शॉक (हैरानी) में था और हम पिछले एक दशक से उसी शॉक में हैं।”
‘2014 से भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया’
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की भूमिका और वोटिंग प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि 140 मिलियन (14 करोड़) वोटरों को ‘नॉन-एक्जिस्टिंग’ (अस्तित्वहीन) बता दिया गया। राहुल ने पूछा, “अगर चुनाव आयोग ने 140 मिलियन वोटरों को अवैध बता दिया, तो फिर चुनाव वैध कैसे हुए?”
उन्होंने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए चुनाव में धांधली के आरोप लगाए। राहुल ने कहा, “लोकसभा चुनाव में हमारे गठबंधन ने जीत हासिल की, लेकिन तीन महीने बाद ही हम हार गए। रातों-रात 7 मिलियन (70 लाख) नए वोटर जोड़ दिए गए और उन्होंने बीजेपी के लिए वोट किया, जिससे बीजेपी चुनाव जीत गई।”
‘आप हमेशा सभी को बेवकूफ नहीं बना सकते’
कांग्रेस के ऐतिहासिक संघर्ष को याद करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी ने संविधान और आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है। “भारत जोड़ो यात्रा” के दौरान मिले अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा, “हमें सत्य और अहिंसा नाम के दो मजबूत हथियार मिले हैं। क्रोध, हिंसा, डर और घृणा काम नहीं करेगा, केवल प्यार काम करेगा।”
अपने भाषण के अंत में राहुल गांधी ने कहा, “आप कुछ समय के लिए सभी लोगों को बेवकूफ बना सकते हैं, कुछ लोगों को हमेशा के लिए बेवकूफ बना सकते हैं, लेकिन आप सभी लोगों को हमेशा बेवकूफ नहीं बना सकते। हम इनसे घृणा और हिंसा से नहीं जीत सकते, क्योंकि हम इनकी तरह नहीं हैं।”
