US National Ground Stop: अमेरिका में ATC फेल, 15 हजार उड़ानें रद्द; जानें इसके नियम
अमेरिका में 14 नवंबर को आसमान में उड़ रहे विमानों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के बीच अचानक संपर्क टूट गया। ATC सेंटरों की कम्युनिकेशन लाइनों में आई गंभीर तकनीकी खराबी के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देश भर में तत्काल प्रभाव से 4 घंटे के लिए ‘नेशनल ग्राउंड स्टॉप’ का आदेश जारी कर दिया। टेकऑफ के लिए रनवे पर तैयार उड़ानों को अगले आदेश तक रोक दिया गया। इस फ्लाइट इमरजेंसी के कारण पूरे अमेरिका में करीब 15,000 उड़ानें रद्द हुईं और 15 लाख से ज्यादा यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हवा में फंसे 3500 विमान, 1000 की कराई गई मैनुअल लैंडिंग
जिस वक्त कम्युनिकेशन सिस्टम ठप हुआ, अमेरिका के आसमान में 3500 से ज्यादा विमान उड़ान भर रहे थे। संपर्क पूरी तरह टूट जाने के कारण हवा में बड़ा खतरा पैदा हो गया था। FAA के दखल और ग्राउंड स्टॉप के फैसले के बाद इनमें से करीब 1000 उड़ानों की पायलटों द्वारा मैनुअली सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
क्या है नेशनल ग्राउंड स्टॉप और यह कब लगाया जाता है?
नेशनल ग्राउंड स्टॉप एक इमरजेंसी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्रोटोकॉल है। इसके लागू होते ही देश के सभी एयरपोर्ट से विमानों के टेकऑफ पर पूरी तरह प्रतिबंध लग जाता है। जो विमान पहले से हवा में होते हैं, उन्हें सुरक्षित तरीके से नजदीकी या पड़ोसी देशों के एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट कर दिया जाता है।
यह कदम मुख्य रूप से तब उठाया जाता है जब ATC के रडार, रेडियो फ्रीक्वेंसी, डेटा राउटर या टेलीकॉम नेटवर्क में तकनीकी खराबी आ जाए और नेविगेशन संभव न हो। इसके अलावा आतंकी हमले के खतरे, दुश्मन द्वारा एयरस्पेस के उल्लंघन, राष्ट्रीय सुरक्षा को पैदा हुए खतरे, भयंकर बर्फीले तूफान या किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में भी देश का एयरस्पेस खाली कराने के लिए ग्राउंड स्टॉप लगाया जाता है।
अमेरिका में तीसरी बार लगा नेशनल ग्राउंड स्टॉप
अमेरिकी विमानन इतिहास में FAA द्वारा पूरे देश में उड़ानों को रद्द करने का यह केवल तीसरा मौका था।
-
अमेरिका में पहली बार 11 सितंबर 2001 (9/11) को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टॉवर्स पर हुए आतंकी हमले के बाद 2 दिन के लिए नेशनल ग्राउंड स्टॉप लगाया गया था। तब हवा में उड़ रहे सभी विमानों को नजदीकी एयरपोर्ट और कनाडा में उतारा गया था।
-
दूसरी बार 11 जनवरी 2023 को पायलटों को अलर्ट भेजने वाला ‘नोटिस टू एयर मिशंस’ (NOTAM) सिस्टम ठप होने के कारण इसे लागू किया गया था। डेटाबेस सिंक्रोनाइज़ेशन के दौरान कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों से गलती से फाइलें डिलीट होने के कारण 90 मिनट के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी गई थीं।
भारत में उड़ानों पर रोक का इतिहास: युद्ध से लेकर महामारी तक
भारत में अमेरिका की तरह आधिकारिक तौर पर ‘नेशनल ग्राउंड स्टॉप’ का इस्तेमाल नहीं होता, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा और इमरजेंसी के हालात में देशव्यापी स्तर पर उड़ानें रोकी गई हैं।
-
दिसंबर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर देशभर के एयरपोर्ट से नागरिक उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।
-
इसके बाद कोरोना महामारी के दौरान 25 मार्च 2020 से 24 मई 2020 तक लॉकडाउन लगने पर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ और बालाकोट के समय रीजनल फ्लाइट इमरजेंसी
राष्ट्रीय स्तर के अलावा, भारत में तनावपूर्ण स्थितियों में क्षेत्रीय (रीजनल) स्तर पर भी उड़ानें रोकी गई हैं। मई 2025 में पाकिस्तान के साथ तनाव और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने NOTAM जारी कर उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के 32 एयरपोर्ट से उड़ानें रद्द कर दी थीं।
इससे पहले 27 फरवरी 2019 को बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद भी एहतियात के तौर पर उत्तर भारत के जम्मू, श्रीनगर, लेह, अमृतसर और चंडीगढ़ समेत कई एयरपोर्ट से कुछ घंटों के लिए उड़ानें कैंसिल कर दी गई थीं। इसके अलावा सामान्य दिनों में, सर्दियों के मौसम में घने कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी होने पर दिल्ली और मुंबई जैसे व्यस्त एयरपोर्ट पर विमानों को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर ग्राउंड स्टॉप लगा दिया जाता है।
