‘1.27 करोड़ वोट कटने का आंकड़ा कहां से आया?’, कपिल सिब्बल का CM योगी पर बड़ा सवाल

yogi-6

उत्तर प्रदेश की राजनीति में वोटर लिस्ट को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस कथित दावे पर तीखे सवाल किए हैं, जिसमें यूपी से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के वोट कटने की बात कही गई है। सिब्बल ने सीधे तौर पर पूछा है कि आखिर यह डेटा मुख्यमंत्री के पास कहां से आया।

‘आपको यह आंकड़ा कैसे मालूम हुआ?’

कपिल सिब्बल ने मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अब योगी कह रहे हैं कि 1.27 करोड़ लोगों के नाम कटे हैं। मैं उनका आदर करता हूं, लेकिन आपको यह आंकड़ा कैसे मालूम हुआ? आपको मालूम होगा कि किन लोगों के नाम कटे हैं।”

सिब्बल ने वोटर लिस्ट में किसी बड़े हेरफेर की आशंका भी जताई। उन्होंने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा, “ऐसा न हो कि नाम कटे ही न हों और फॉर्म 8 (Form 8) के जरिए उन्हें दूसरी जगह जोड़ दिया गया हो। ऐसा तो नहीं कि 1.27 करोड़ ऐसे लोगों के नाम जोड़ दिए जाएं?”

गौरतलब है कि फॉर्म 8 का इस्तेमाल मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन करने या निवास स्थान बदलने की स्थिति में किया जाता है। कपिल सिब्बल का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का काम चल रहा है और 17 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने वाली है।