सपा सांसद ने कांवड़ यात्रा और दुर्गा पूजा को बताया ‘ढोंग’, राम कदम का अखिलेश पर हमला, कहा- ‘अयोध्या जाकर करते हैं नाटक’

41058a4a69013597a23eb57b9a7476ecaa2fe78c6d917cf7e716a13bf7fbf10b

समाजवादी पार्टी के प्रतापगढ़ से सांसद एसपी सिंह पटेल द्वारा कांवड़ यात्रा और दुर्गा पूजा को लेकर दिए गए विवादित बयान पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) समेत कई हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। महाराष्ट्र में बीजेपी नेता राम कदम ने सांसद के इस बयान को लेकर समाजवादी पार्टी और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।

‘सपा का दोहरा मापदंड’- राम कदम

बीजेपी नेता राम कदम ने एसपी सिंह पटेल के बयान को सनातन धर्म की आस्थाओं को ठेस पहुंचाने वाला करार दिया। उन्होंने कहा, “प्रतापगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले सपा सांसद सनातन हिंदू धर्म की पवित्र कांवड़ यात्रा और दुर्गा पूजा का खुलेआम विरोध कर रहे हैं। वे इन अनुष्ठानों को ढोंग बता रहे हैं। समाजवादी पार्टी को आखिर हो क्या गया है?“

कदम ने यूपी के आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि तीन महीने में चुनाव होने वाले हैं, क्या आप इस तरह हिंदुओं की आस्था और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाएंगे? उन्होंने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा, “एक ओर इनके नेता ऐसे बयान देते हैं, वहीं दूसरी ओर अखिलेश यादव अयोध्या जाकर राम मंदिर के दर्शन करने का नाटक करते हैं।”

कारसेवकों पर गोलीबारी का किया जिक्र

राम कदम ने समाजवादी पार्टी के इतिहास का हवाला देते हुए कारसेवकों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का हिंदू विरोध कारसेवा के दौरान भी नहीं छुप पाया था, जब उन्होंने निहत्थे साधु-संतों और कारसेवकों पर गोलियां चलवा दी थीं। कदम ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि वे पहले अपने नेताओं को सुधारें, उसके बाद राम मंदिर के दर्शन करें। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में जनता सनातन धर्म का विरोध करने वालों को करारा जवाब देगी।

एसपी सिंह पटेल ने क्या कहा था?

सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को ‘ढोंग’ बताते हुए इसे बंद करने की मांग की थी। दुर्गा पूजा को लेकर उन्होंने कहा था, “लोग दुर्गा माता की प्रतिमा खरीदकर घर लाते हैं, नौ दिनों तक पूजा करते हैं और फिर एक सप्ताह बाद उसे गंदे नाले में फेंक आते हैं।” उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसा करने से देवी मां आशीर्वाद देंगी या श्राप?

इसके अलावा, कांवड़ यात्रा पर टिप्पणी करते हुए पटेल ने कहा था, “भगवान का आशीर्वाद पाने के लिए 50-50 किलोमीटर पैदल चलकर कांवड़ लाने या यात्रा करने की कोई जरूरत नहीं है, इससे केवल पैरों में छाले पड़ते हैं।” उन्होंने सुझाव दिया कि यदि पूजा करनी है या जल चढ़ाना है, तो गांव के मंदिर में जाकर किया जा सकता है, भगवान का आशीर्वाद वहीं से मिल जाएगा।

भारी आलोचना के बावजूद सांसद एसपी सिंह पटेल अपने इस बयान पर कायम हैं।