सीट बंटवारे के लिए सपा ने बनाई चार सदस्यीय कमिटी, कल दिल्ली में कांग्रेस के साथ बैठक की संभावना

congress

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले INDIA गठबंधन के तहत सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच औपचारिक बातचीत की तैयारी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर अपनी चार सदस्यीय कमिटी के गठन की घोषणा की, जबकि कांग्रेस पहले ही पांच नेताओं की टीम बना चुकी है।

दोनों दलों की कमिटियों के बीच कल नई दिल्ली में बैठक होने की संभावना जताई गई है।

सपा की चार सदस्यीय टीम में इन्हें मिली जिम्मेदारी

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा गठित इस चार सदस्यीय कमिटी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सांसदों को शामिल किया गया है। इसमें राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन चौधरी का नाम है। पार्टी की ओर से यही चार नेता कांग्रेस के साथ सीटों के समझौते पर चर्चा करेंगे।

कांग्रेस की पांच सदस्यीय कमिटी में कौन-कौन शामिल?

कांग्रेस की ओर से सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय टीम पहले ही गठित की जा चुकी है। इस टीम में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हैं।

181 सीटों की मांग पर क्या है दोनों दलों का रुख?

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हाल के दिनों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि कांग्रेस ने 181 विधानसभा सीटों की मांग की है। कई मीडिया रिपोर्टों में भी इसी संख्या का जिक्र किया गया है।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई 181 सीटों वाली सूची को खारिज कर दिया है। पार्टी ने आधिकारिक तौर पर सीटों की कोई संख्या सार्वजनिक नहीं की है और उसका कहना है कि अंतिम संख्या बातचीत के दौरान तय की जाएगी।