दिल्ली में प्रदूषण का कहर: GRAP-3 लागू, 50% कर्मचारियों के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ का आदेश

delhi

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी की दस्तक के साथ ही हवा की गुणवत्ता बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। लगातार बिगड़ते वायु प्रदूषण और हवा के ‘गंभीर’ श्रेणी में बने रहने के कारण दिल्ली सरकार ने कई बड़े और कड़े फैसले लिए हैं। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी दिल्ली-NCR में ग्रैप-3 (GRAP-3) लागू कर दिया गया है। इसके बाद दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने विभागों के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने (Work From Home – WFH) का आदेश जारी कर दिया है।

GRAP-3 के तहत CAQM के निर्देश

दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के लगातार 400 के पार रहने के कारण CAQM ने दिल्ली और NCR की राज्य सरकारों को कड़े निर्देश दिए हैं। आयोग ने सरकारी, नगर निकायों और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ कामकाज चलाने और बाकी बचे 50 फीसदी कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम (WFH) की व्यवस्था लागू करने पर जल्द निर्णय लेने को कहा है।

एक सरकारी अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया, “CAQM के दिशानिर्देशों के अनुसार, सभी विभागों के प्रमुख घर से काम करने की अनुमति देने के संबंध में निर्णय लेने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं। हालांकि, आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को इस दायरे से बाहर रखा गया है।”

इन विभागों में 50% कर्मचारियों को WFH के निर्देश

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के निर्देश के बाद अब उनके अधीन आने वाले पर्यावरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उद्योग, तथा वन एवं वन्यजीव विभाग के 50 फीसदी कर्मचारी घर से काम करेंगे।

इसी तर्ज पर, परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने भी अपने अधीन आने वाले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) विभाग के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने (WFH) का सख्त निर्देश दिया है।

‘गंभीर’ श्रेणी में दिल्ली की हवा

दिल्ली में ग्रैप का तीसरा चरण (GRAP-3) तब लागू किया जाता है जब वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 401 से 450 के बीच पहुंच जाता है। इस स्तर पर हवा की गुणवत्ता को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। शुक्रवार को दिल्ली के ज्यादातर निगरानी स्टेशनों पर AQI का स्तर 400 के पार दर्ज किया गया था, जो न केवल खतरनाक है, बल्कि लोगों के स्वस्थ रूप से सांस लेने के लायक भी नहीं बचा है।