IMD का 28 राज्यों में बारिश का अलर्ट, हिमाचल में ओले गिरे; पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार
देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। अगर आप इस वीकेंड पहाड़ों की ओर रुख करने का प्लान बना रहे हैं, तो सफर पर निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जानना जरूरी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 28 राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है। मैदानी इलाकों में बारिश के साथ ही पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने की भी संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में तेजी से बदलाव आ सकता है।
हिमाचल में बारिश और ओलावृष्टि, फसलों को नुकसान
बुधवार सुबह से ही हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। किन्नौर जिले की चौरा और तरंडा पंचायतों में तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई है। स्थानीय किसानों के मुताबिक, अचानक गिरे ओलों से खेतों में खड़ी फसलें और सब्जियों के पौधे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। किसानों को आशंका है कि बेमौसम हुई इस ओलावृष्टि का सीधा असर आने वाले दिनों में कृषि उत्पादन पर पड़ेगा। मौसम के इस अचानक बदलाव ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ वहां मौजूद टूरिस्टों की चिंता भी बढ़ा दी है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है।
उत्तराखंड सहित कई पहाड़ी राज्यों में 7 से 12 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। पहाड़ों पर हो रही इस हलचल का असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा। हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों में मौसम में अहम बदलाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली और NCR की बात करें तो 7 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। IMD के मुताबिक, दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी गति 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है।
