माफियाओं के साथ गलबहिया…अखिलेश के रोड शो में बच्चे की मौत पर बोले राजभर
गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बताई जा रही जेसीबी की चपेट में 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। एम्स थाने में FIR दर्ज होने के बाद कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने आरोप लगाया कि रोड शो के दौरान मची अफरातफरी ने एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया।
राजभर ने अखिलेश पर लगाए गंभीर आरोप
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने कहा कि बच्चे की मौत के बाद भी सपा अध्यक्ष नेताओं के साथ फोटो खिंचवाकर अपनी राजनीति चमकाते रहे।
माफियाओं के साथ गलबहिया कर फोटो खिंचाते रहें
राजभर ने लिखा, “चौरी-चौरा के शहीद स्वतंत्रता सेनानी शिवपूजन सिंह की पांचवीं पीढ़ी के वंशज आर्यवर्धन को बीच सड़क कुचलकर मरवा डाला और माफियाओं के साथ गलबहियां करके फोटो खिंचाते रहे, नेतागीरी चमकाते रहे! परमपिता परमेश्वर दिवंगत आर्यवर्धन को अपने श्री चरणों में स्थान दें। साथ ही आपको सद्बुद्धि भी दें।”
लफंगों का देवता बनने का शौक
राजभर ने अखिलेश यादव को ‘लफंगों का देवता’ बनने का शौक चढ़ने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि सपा कार्यकर्ता फूल-माला चढ़वाने के लिए जेसीबी सड़क पर लाए, जिससे अफरातफरी मची और आर्यवर्धन की मौत हो गई।
क्या है मामला?
घटना बुधवार को हुई थी। आर्यवर्धन सिंह अपनी बहन को लेने जा रहे थे। आरोप है कि रोड शो में फूल बरसाने के लिए लाई गई जेसीबी तेज रफ्तार में आई और किशोर उसकी चपेट में आ गया। आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
