September 15, 2026

ट्रोलिंग के बाद GIVA ने कृति सेनन के राखी ऐड को लिया वापस

tlus1frk_kriti-sanon-rakhi-ad-controversy_625x300_26_August_26

नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर हुए विवाद के बाद जूलरी ब्रांड GIVA ने अपना ऐड वापस ले लिया है। कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपरा और त्योहारों का पूरा सम्मान करती है। कंपनी ने यह भी कहा कि विज्ञापन से अगर समाज के किसी वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो ऐसा करना उसका उद्देश्य नहीं था।

GIVA के मुताबिक, वह रक्षाबंधन के मौके पर परिवार के साथ-साथ पालतू पशुओं के प्रति प्यार और जुड़ाव को भी दिखाना चाहती थी। कंपनी ने विवाद के बाद सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से विज्ञापन वापस लेने का फैसला किया।

कृति सेनन के राखी ऐड में क्या था?

कृति सेनन ने GIVA के लिए रक्षाबंधन पर एक स्पेशल विज्ञापन शूट किया था। विज्ञापन सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आने लगीं।

ऐड में कृति ऑफ-व्हाइट रंग के आउटफिट में नजर आई थीं। उन्होंने ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहनी थी। विज्ञापन में कुत्ते को राखी बांधने का दृश्य भी था।

इसी को लेकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्ति जताई। आलोचकों का एक वर्ग कृति की ड्रेस और विज्ञापन में राखी के चित्रण को लेकर सवाल उठा रहा था।

ट्रोलिंग के बाद GIVA ने क्या कहा?

विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने विज्ञापन वापस लेने का फैसला किया। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और त्योहारों के प्रति उसके मन में पूरा सम्मान है।

कंपनी ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ ऐसे उत्सवों का जश्न मनाती है और रक्षाबंधन के मौके पर पालतू जानवरों के लिए भी प्यार और जश्न की भावना दिखाना चाहती थी।

GIVA ने कहा कि अगर उसके विज्ञापन से समाज के किसी भी वर्ग की भावनाओं को चोट पहुंची है तो यह उसका उद्देश्य नहीं था। इसी सम्मान को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने मीडिया से अपना विज्ञापन वापस लेने की बात कही।

कृति सेनन ने भी दी थी प्रतिक्रिया

विज्ञापन को लेकर आलोचना के बीच कृति सेनन ने भी सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि किसी महिला के कपड़ों से उसकी संस्कृति के प्रति सम्मान को नहीं आंका जाना चाहिए।

कृति के मुताबिक, त्योहारों की भावना केवल कपड़ों में नहीं बल्कि भावनाओं और परंपराओं में होती है। उन्होंने रक्षाबंधन को सुरक्षा और प्यार का प्रतीक बताते हुए कहा कि वह अपनी बहन को भी राखी बांधती हैं।

उन्होंने कहा कि भाई-बहन एक-दूसरे की हिफाजत और ख्याल रखने का वादा करते हैं तथा अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं। कृति ने यह भी कहा कि यही प्यार और प्रार्थना उनके पालतू जीवों तक भी जाती है, क्योंकि वे भी परिवार का हिस्सा हैं।

कंगना रनौत ने भी रखी थी बात

विज्ञापन को लेकर अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत की प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। उन्होंने कहा था कि महिलाओं को अपनी पसंद के कपड़े पहनने की आजादी है, लेकिन साथ ही उन्हें कुछ मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

कंगना की यह टिप्पणी कृति सेनन के विज्ञापन में नजर आए लुक को लेकर की गई थी।