“दुनिया में झूठ बोलने का ठेका राहुल गांधी के पास”: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का कांग्रेस नेता पर तीखा हमला

rahul gandhi

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मंगलवार (03 नवंबर, 2026) को पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि अगर दुनिया में किसी ने झूठ बोलने का ठेका लिया है, तो उसका नाम राहुल गांधी है और झूठ की खेती करना उनका मुख्य काम है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व या कामकाज पर राहुल गांधी से सर्टिफिकेट की कोई आवश्यकता नहीं है, खासकर तब जब उन पर दोहरी नागरिकता का केस चल रहा हो। उन्होंने आगे दावा किया कि राष्ट्रपति को सबूत देने की बात कहे हुए 600 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक कोई सबूत सामने नहीं आया है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में भ्रम फैलाने के लिए कार्रवाई होनी चाहिए और अगर हिम्मत है तो राहुल गांधी को पहले सबूत पेश करना चाहिए।

संजय सरावगी का राहुल गांधी पर पलटवार

दूसरी ओर, बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी पर कड़ा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बहस की चुनौती देने वाले राहुल गांधी खुद संसद में तथ्यों का सामना करने से बचते हैं।

संजय सरावगी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “विदेशी धरती पर भारत के लोकतंत्र को नीचा दिखाना और जॉर्ज सोरोस के साथ मिलकर टूलकिट चलाने वाले राहुल गांधी 140 करोड़ भारतीयों के प्रचंड जनादेश और अटूट भरोसे से बने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी पर विदेशी मदद के हास्यास्पद आरोप लगा रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि अपनी तय राजनीतिक हार से बौखलाकर बेबुनियाद आरोप लगाने वाले राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।